विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

क्या फिर बाजार में आ रहा है 1000 रुपये का नोट? फैक्ट चेक में हुआ खुलासा

Published: Tue, 27 Oct 2026 05:09 PM (IST)

पीआईबी फैक्ट चेक ने 1,000 रुपये के नए नोट जारी होने के सोशल मीडिया दावों को फर्जी बताया है। भारतीय ...और पढ़ें

1,000 रुपये का नया नोट जारी करने का दावा फर्जी।

1,000 रुपये का नया नोट जारी करने का दावा फर्जी।

HighLights

  1. पीआईबी ने 1,000 रुपये के नए नोट के दावे को फर्जी बताया।

  2. आरबीआई ने नए नोट जारी करने की कोई घोषणा नहीं की।

  3. लोगों से आधिकारिक स्रोतों से जानकारी सत्यापित करने की अपील।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) की फैक्ट चैक यूनिट ने मंगलवार को 1,000 रुपये के नए नोट से जुड़े दावों का खंडन किया है। सोशल मीडिया पर पीले रंग के एक नोट की तस्वीरें और वीडियो वायरल हो रहे थे, जिन पर मंदिर का चित्र बना था। कुछ पोस्ट में दावा किया गया था यह नोट जारी कर दिया गया है या 15 तारीख से चलन में आ जाएगा।

PIB फैक्ट चेक ने स्पष्ट किया कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने 1,000 रुपये का नया नोट जारी करने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

एक्स पर एक पोस्ट में, 'PIB फैक्ट चेक ने कहा, सोशल मीडिया पर कई पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि 1,000 रुपये का नया नोट जारी किया गया है। यह दावा फर्जी है।'

1,000 रुपये का नया नोट जारी करने का दावा फर्जी

एजेंसी ने आगे कहा कि RBI ने 1,000 रुपये का नया नोट जारी करने को लेकर कोई घोषणा नहीं की है। साथ ही, लोगों से अपील की गई है कि वे आधिकारिक स्रोतों के जरिए जानकारी की पुष्टि करें और बिना जांच-परखे दावों को साझा न करें। यह स्पष्टीकरण तब आया जब इंस्टाग्राम, एक्स और टेलीग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर इस कथित नोट से जुड़ी पोस्ट सामने आईं।

8 नवंबर 2016 को चलन से बाहर हुआ 1,000 का नोट

8 नवंबर 2016 को हुई नोटबंदी के दौरान 1,000 रुपये के नोटों को चलन से हटा दिया गया था, जब सरकार ने पुराने 500 और 1,000 रुपये के नोटों की कानूनी मान्यता खत्म कर दी थी।

इसके बाद 500 रुपये के नए नोट लाए गए और RBI ने नई करेंसी सीरीज में सबसे बड़ी वैल्यू वाले नोट के तौर पर 2,000 रुपये के नोट जारी किए।

मई 2023 में, RBI ने 2,000 रुपये के नोटों को चलन वापस ले लिया

मई 2023 में, RBI ने 2,000 रुपये के नोटों को चलन से वापस लेने की घोषणा की, लेकिन साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि ये नोट कानूनी रूप से मान्य बने रहेंगे। RBI की महात्मा गांधी सीरीज के तरह 10, 20, 30, 50, 100, 200 और 500 रुपये के नोट चलन में हैं।

RBI की आधिकारिक घोषणा के बिना किसी दावे को सच न मानें

PIB फैक्ट चेक ने लोगों से अपील की है कि वे करेंसी से जुड़ी घोषणाओं की पुष्टि आधिकारिक स्रोतों से करें और बिना जांचे-परखे दावों के आगे न बढ़ाएं। जब तक RBI की ओर से आधिकारिक घोषणा न हो जाए, तब तक वायरल हो रही पोस्ट को किसी नए नोट के जारी होने की पुष्टि न मानें।