सारण में गला रेतकर बच्चे की हत्या, स्कूल के पास झाड़ी में मिला शव, हत्यारे की शिनाख्त में जुटी पुलिस
बिहार के भोजपुर में 10 वर्षीय बच्चे की हत्या के बाद पड़ोसी जिले सारण में भी ऐसी ही घटना सामने आई है। यहां भी इसी उम्र के बालक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। उसका शव स्कूल के पास झाड़ी से मिला।
मशरक (सारण), संवाद सूत्र। सारण जिले के मशरक थाना क्षेत्र में एक बच्चे की गला रेतकर हत्या कर दी गई। शनिवार सुबह स्कूल के समीप झाड़ी में शव मिला। तब लोगों को घटना की जानकारी मिली। मृतक सिकटी गांव निवासी प्रमोद कुमार का 10 वर्षीय पुत्र ऋषभ कुमार था। शव मिलने के बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को पाेस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सुबह में चाय-बिस्कुट खाकर निकला था घर से
ऋषम उत्क्रमित मध्य विद्यालय सिकटी में चौथे क्लास में पढता था। परिवार के लोगों ने बताया कि आज सुबह करीब छह बजे वह चाय बिस्कुट खाकर घर से निकला। इसके बाद घर से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर उसका शव बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलते ही मढ़ौरा एसडीपीओ इन्द्रजीत बैठा घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर पुलिस इंस्पेक्टर राधेश्याम प्रसाद, थानाध्यक्ष रितेश कुमार मिश्रा, एसआई राजेश रंजन, एएसआई भृगुनाथ सिंह दल बल के साथ मौजूद है। घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीणों की काफी भीड़ थी।
एसडीपीओ ने की जांच-पड़ताल
परिजनों ने बताया कि गांव के बच्चे शौच करने गये थे। वही पर शव को देख शोर मचा कर ग्रामीणों को सुचना दी। वही परिजनों ने पहुंच शव की शिनाख्त की और थाना पुलिस को सूचना दी। मृतक छात्र दो भाइयों में बड़ा था। पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रितेश कुमार मिश्र, एसआई राजेश रंजन, एएसआई भृगुनाथ सिंह दल बल के साथ पहुंच मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी
बच्चे की बेरहमी से की गई हत्या से लोग सकते में हैं। उनका कहना है इतने छोटे बच्चे के साथ कोई इतनी बेरहमी कैसे कर सकता है। क्या इस मासूम के चेहरे को देखकर उसे तनिक भी दया नहीं आई। फिलहाल पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। मामला आपसी रंंजिश का है या कुछ और, यह पुलिस तफ्तीश में सामने आएगा।