50 रुपये के लिए युवक की हत्या, सड़क जाम
मोहर्रम का अखाड़ा मोहर्रम का अखाड़ा
50 रुपये के लिए युवक की हत्या, सड़क जाम
जागरण संवाददाता, गिरिडीह : मोहर्रम का अखाड़ा देखकर शनिवार की रात अपने घर लौट रहे 28 वर्षीय जावेद नामक युवक की हत्या तीन युवकों ने मात्र 50 रुपये के लिए कर दी। जावेद की आरोरिपत युवकों से पुरानी रंजिश भी थी। हमलावरों की पिटाई से उसे बचाने आए सागर और इलियास भी गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। जावेद अंसारी पचंबा थाना क्षेत्र के भंडारीडीह स्थित आजाद नगर का निवासी था। हत्या भी उसके घर के समीप की गई। हत्या का आरोप साकिब, मस्तान व तौफिक पर लगा है। तीनों फरार है। जावेद के घर में कोहराम मचा है। सुबह घटना के विरोध में सड़क को जाम कर दिया गया। विधायक सुदिव्य सोनी और डीएसपी संजय राणा ने प्रदर्शनकारियों को शांत कर जाम हटवाया।
फरार हत्या आरोपितों में कुरैशी मोहल्ला निवासी साकिब, मस्तान और आजाद नगर निवासी तौफिक शामिल है। इन तीनों युवकों ने रात को जावेद और उसके दोस्त अरमान को नशे के लिए रात में सड़क पर रोका और 50 रुपये की मांग की। रुपया देने से इन्कार करने पर तीनों ने जावेद और अरमान की पिटाई शुरू कर दी। अरमान किसी तरह से वहां से भाग निकला और मोहल्ला में आकर हल्ला किया। उसे बचाने आए इलियास और सागर को भी हमलावरों ने मारकर जख्मी कर दिया। देर रात में जावेद और अरमान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के खुटवाढाब से मोहर्रम का अखाड़ा देखकर घर लौट रहे थे। सागर और इलियास सदर अस्पताल में इलाजरत है।
- शव के साथ सड़क जाम : जावेद की हत्या के विरोध में आक्रोशितों ने रविवार की सुबह शव के साथ नेताजी चौक पर सड़क जाम कर दिया। दो घंटे तक जाम रहा। लोग तत्काल आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। जाम की जानकारी मिलते ही सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू, डीएसपी संजय राणा, नगर थाना प्रभारी राम नारायण चौधरी व पचंबा थाना प्रभारी सौरभ राज सदलबल जाम स्थल पहुंचे। इसके बाद आक्रोशित स्वजनों व अन्य से वार्ता करते हुए उन्हें शांत कराया। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने प्रशासन की पहल पर सड़क से जाम हटा लिया। पुलिस ने शव को आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम करवाकर स्वजनों को सौंप दिया। जामस्थल पर विधायक ने कहा कि हत्यारों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने अपराधियों को चिह्नित कर लिया है। जल्द उनकी गिरफ्तारी होगा। पीड़ित परिवार को जल्द ही न्याय मिलेगा और सरकारी प्राविधान के तहत लाभ भी दिलाया जाएगा।
- वर्जन : मोहर्रम अखाड़ा देखकर घर लौट रहे जावेद की 50 रुपये की खातिर अपराधियों ने घर से चंद कदम पहले गला रेतकर हत्या कर दी है। हत्या में तीन आरापितों का नाम सामने आया है। जावेद के स्वजन के बयान पर प्राथमिकी की गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
-- संजय कुमार राणा, डीएसपी वन मुख्यालय।