Meerut: सिपाही की बेटी पर पिटबुल कुत्ते ने किया हमला, छह जगह गाढ़े दांत और पंजे; साइकिल चला रही थी बच्ची
Meerut यूपी पुलिस में सिपाही की आठ वर्षीय बेटी पर सोमवार रात करीब आठ बजे पिटबुल कुत्ते ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बच्ची अपने घर की गली में साइकिल चला रही थी। कुत्ते का हमला होते हुए वहां खेल रहे अन्य बच्चे रोते-शोर मचाते हुए भागे।
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में हाईवे-58 स्थित वैष्णोधाम कालोनी सुधीर मलिक उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही हैं। वर्तमान में सुधीर नारकोटिक्स विभाग में तैनात हैं। सुधीर ने बताया कि रोज की तरह सोमवार रात करीब आठ बजे आठ वर्षीय बेटी वर्निका मलिक अपनी छोटी के साथ साइकिल चला रही थी। उस समय गली में पड़ोस के अन्य बच्चे भी खेल रहे थे। तभी गली के मोड़ पर पहुंचते ही एकाएक पिटबुल कुत्ते ने वर्निका पर हमला कर दिया। वर्निका साइकिल से गिर गई।
उसके बाद कुत्ते ने दांत और पंजों से वर्निका पर छह जगह हमला किया। खून से लथपथ वर्निका बेहोश हो गई। कुत्ते को देख डर से भागे अन्य बच्चों का शेार सुनकर वर्निका का चाचा भागा पहुंचा और कुत्ते को गाते हुए बच्ची को बचाया। स्वजन बच्ची को हाईवे-58 स्थित एक हास्पिटल में ले गए, जहां उसका उपचार कराया। सिपाही और अन्य स्वजन ने बच्ची की हालत देख रोने लगे। अन्य लोगों ने उनको शांत कर बच्ची का हौंसला बढ़ाया।
कलोनीवासी और सिपाही ने थाने में दी तहरीर
सिपाही सुधीर मलिक ने बताया कि बच्ची पर हमला करने वाला पालतू पिटबुल कुत्ता कालोनी में मकान संख्या-ए-84 निवासी राजकुमार का है। राजकुमार के पास कुत्ते को पालने का कोई लाइसेंस भी नहीं हैं। सिपाही ने कुत्ता मालिक पर कार्रवाई करने की मांग करते हुए एक तहरीर थाने में दी है। दूसरी तहरीर कालोनी वासियों ने भी पुलिस को दी है। कालोनी में कई लोगों ने कुत्ते पाले हुए हैं। पूर्व में भी कई बच्चों पर हमला कर चुके हैं।
इनका कहना है...
तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। आरेापी की गिरफ़तारी भी होगी। नगर निगम को भी पत्र भेजा जाएगा, ताकि बिना लाइसेंस के कुत्ते पालने वालों की लिस्ट तैयार कर कार्रवाई हो सके।
- नीरज मलिक, इंस्पेक्टर-कंकरखेड़ा