UP Crime: तंत्र-मंत्र के फेर में यहां मासूमों सहित कई लोगों की जा चुकी जान, गोरखपुर में चिह्नित 259 तांत्रिक
गोरखपुर जिले में सालभर पहले हुई कई घटनाओं के बाद पुलिस अधिकारी ने जिले में अभियान के तहत तांत्रिकों को चिन्हित कर सूची बनाने का निर्देश दिया। जिसमें 259 तांत्रिकों को चिन्हित किया गया। इसके बाद अभियान बंद हो गया।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता। तंत्र-मंत्र के फेर में गोरखपुर जिले में पहले भी कई घटनाएं हो चुकी हैं। एक वर्ष पहले तत्कालीन एसएसपी ने अपहरण व हत्या की कई घटना होने के बाद तांत्रिकों की थानावार सूची तैयार कराई थी। अभियान के दौरान पुलिस ने जिले में कुल 259 तांत्रिक चिह्नित किए थे। रजिस्टर बनाकर इनकी नियमित निगरानी करने की तैयारी थी, लेकिन अभियान बंद हो गयाा।
इन इलाकों में चिन्हित हैं तांत्रिक
अभियान में गगहा थाना क्षेत्र में सबसे ज्यादा 76 तांत्रिक मिले थे। दूसरे नंबर पर पिपराइच है, जहां 23 तांत्रिक चिह्नित हैं। इसके अलावा राजघाट में छह, तिवारीपुर दो, कैंट में सात, खोराबार में आठ, रामगढ़ताल में चार, गोरखनाथ में तीन, कैंपियरगंज में चार, सहजनवां में 15, पीपीगंज में 18, गीडा में छह, चिलुआताल में सात, चौरीचौरा में नौ, झंगहा में छह, गुलरिहा में 17, बांसगांव में 14, गोला में 16, बड़हलगंज में दो, खजनी में तीन, सिकरीगंज में छह, हरपुर-बुदहट में सात तांत्रिक चिह्नित हैं।
जिले में हुईं प्रमुख घटनाएं
- 19 अगस्त, 2021 : पिपराइच के मटिहनिया गांव में गन्ने के खेत में पांच वर्ष के बच्चे का शव मिला। पुलिस ने इस मामले में गांव के तांत्रिक को गिरफ्तार किया था।
- 01 सितंबर, 2021 : पिपराइच क्षेत्र में छह साल के बच्चे का अपहरण कर लिया गया था। वह घर के बरामदे में मां के साथ सोया था। पुलिस ने पांच घंटे में बच्चे को बरामद कर लिया।
- जुलाई, 2021 : तंत्र-मंत्र के चक्कर मे झंगहा क्षेत्र में हरिनारायण की हत्या कर दी गई। पुलिस ने हत्यारोपितों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया।
- छह अप्रैल, 2022 : बांसगांव के बहोरवा में बच्चे की हत्या कर दी गई। पुलिस की जांच में सामने आया कि तंत्र मंत्र के चक्कर में बच्चे की हत्या हुई, घटना का पर्दाफाश अभी तक नहीं हुआ।
- 21 अप्रैल, 2022 : सिकरीगंज क्षेत्र में बच्चे का कटा हुआ सिर मिला। तंत्र-मंत्र के चक्कर में हत्या किए जाने की आशंका जताई गई। इस घटना का भी पर्दाफाश नहीं हुआ।