कोलकाता: मेडिकल वीजा पर भारत आया बांग्लादेशी, करने लगा मोबाइल-लैपटॉप की तस्करी; पुलिस ने जाल बिछाकर पकड़ा
कोलकाता पुलिस ने मेडिकल वीजा पर आए बांग्लादेशी नागरिक सैयद मोहम्मद सलाउद्दीन उर्फ डॉलर को चोरी के मोबाइल और लैपटॉप की अंतरराष्ट्रीय तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है।

बांग्लादेशी नागरिक सैयद मोहम्मद सलाउद्दीन उर्फ डॉलर को पुलिस ने दबोचा

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। कोलकाता पुलिस ने मेडिकल वीजा पर भारत आने वाले बांग्लादेशी नागरिक सैयद मोहम्मद सलाउद्दीन उर्फ डॉलर को चोरी के मोबाइल फोन और लैपटॉप की अंतरराष्ट्रीय तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपित ढाका के मामुदपुर का निवासी है और वहां खुद को आयात-निर्यात कारोबारी बताता था।
जांच में सामने आया है कि उसका पासपोर्ट और मेडिकल वीजा वैध था, लेकिन वह बिना किसी गंभीर हृदय या गुर्दे की बीमारी के बांग्लादेश के एक डाक्टर के कथित फर्जी मेडिकल प्रिस्क्रिप्शन के आधार पर बार-बार भारत आता था।
हर बार वह दक्षिण कोलकाता के हरिदेवपुर में ब्रोकर के माध्यम से किराये का मकान लेकर चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त से जुड़े लोगों के संपर्क में आता था। पुलिस के मुताबिक डॉलर बेहद कम कीमत पर चोरी के आईफोन और अन्य महंगे स्मार्टफोन खरीदकर जमा करता था।
इसके अलावा वह चोरी के लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी हासिल करता था। बाद में इन्हें तस्करी के जरिए बांग्लादेश भेजा जाता था, जहां ढाका में सक्रिय चोरी के इलेक्ट्रानिक सामान के नेटवर्क के माध्यम से ऊंची कीमत पर बेचा जाता था।
किराये के मकान की तलाशी में कई मोबाइल फोन बरामद
मामले का खुलासा सेंट्रल एवेन्यू पर मोबाइल झपटमारी की एक घटना की जांच के दौरान हुआ। पीड़ित की शिकायत पर बड़ाबाजार थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मोहम्मद अरबाज उर्फ विक्की को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने कथित तौर पर बताया कि चोरी के मोबाइल उसने डॉलर को बेचे थे।
इस सुराग के आधार पर पुलिस ने न्यू मार्केट इलाके में जाल बिछाया और कथित तौर पर चोरी के मोबाइल की नई खेप लेने पहुंचे डॉलर को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद हरिदेवपुर स्थित उसके किराये के मकान की तलाशी में कई मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पुलिस अब आरोपित से पूछताछ कर इस अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करने में जुटी है। मामले की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें- भोपाल एटीएम कांड का मास्टरमाइंड मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार, बैंककर्मी से सीखी थी चोरी की ट्रिक
