NPS Employees Protest: पुरानी पेंशन योजना के लिए शिमला पहुंचे हजारों कर्मचारी, पुलिस का कड़ा पहरा
Himachal NPS Employees Protest हिमाचल प्रदेश में न्यू पेंशन स्कीम कर्मचारी महासंघ के हजारों सदस्य शिमला में विधानसभा का घेराव करने के लिए सुबह ही पहुंच गए। सबसे पहले टूटी कंडी के पास बाईपास में एकत्र हुए। वहां से जुलूस की शक्ल में चौड़ा मैदान की तरफ आएंगे।
शिमला, जागरण टीम। Himachal NPS Employees Protest, हिमाचल प्रदेश में न्यू पेंशन स्कीम कर्मचारी महासंघ के हजारों सदस्य शिमला में विधानसभा का घेराव करने के लिए सुबह ही पहुंच गए। सबसे पहले टूटी कंडी के पास बाईपास में एकत्र हुए। वहां से जुलूस की शक्ल में चौड़ा मैदान की तरफ आएंगे। प्रदर्शन के मध्य नजर पुलिस बल बड़ी संख्या में तैनात किया गया है। एडवांस्ड स्टडी मैदान से लेकर विधानसभा तक पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। बजट सत्र के दौरान भी एनपीएस कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया था। तब सुरंग 103 के पास पुलिस ने बैरिकेड लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया था। इस दौरान जोईया मामा के नारे भी लगे थे।
अबकी बार प्रदर्शनकारियों को सड़क पर नहीं रोका जा सकता है। उन्हें चौड़ा मैदान तक आने की अनुमति दी जा सकती है। एनपीएस कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर का दावा है कि इस बार प्रदर्शन में पिछले के मुकाबले बड़ी संख्या में कर्मचारी और उनके स्वजन पहुंचे हैं।
महासंघ पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग कर रहा है लेकिन सरकार का पक्ष है कि हिमाचल के आर्थिक हालात इसकी इजाजत नहीं देते हैं। सरकार बीच का रास्ता निकालने के प्रयासों में है। महासंघ का कहना है कि अगर सरकार ने पुरानी पेंशन बहाल नहीं की तो आंदोलन जारी रहेगा। उधर, विपक्ष में बैठी कांग्रेस ने ऐलान कर दिया है कि अगर वह सत्ता में आई तो पुरानी पेंशन बहाल करेगी। यह मुद्दा राज्य विधानसभा से लेकर सड़क तक चर्चा में हैं।