गाजियाबाद में 28 जून से शुरू होगा पल्स पोलियो अभियान, 7.50 लाख बच्चों को मिलेगी खुराक
गाजियाबाद में 28 जून से शुरू होने वाले विशेष पल्स पोलियो अभियान की तैयारियां अंतिम चरण में हैं, जिसके लिए नौ लाख वैक्सीन डोज पहुंच चुकी हैं।

HighLights
28 जून से गाजियाबाद में विशेष पल्स पोलियो अभियान शुरू।
नौ लाख पोलियो वैक्सीन डोज जिले में पहुंची, तैयारी अंतिम चरण में।
7.50 लाख बच्चों को खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। जिले में 28 जून से शुरू होने वाले विशेष पल्स पोलियो अभियान की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। अभियान के लिए नौ लाख पोलियो वैक्सीन डोज मंगलवार को जिला स्टोर पहुंच गईं। डोज को लोनी, मुरादनगर, मोदीनगर और भोजपुर केंद्रों पर भेज दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने शून्य से पांच वर्ष तक के करीब 7.50 लाख बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए जिलेभर में 1600 पोलियो बूथ बनाए जाएंगे। दो हजार टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों तक पहुंचेंगी जो किसी कारणवश बूथों तक नहीं पहुंच सकेंगे।
अभियान की निगरानी के लिए शहरी क्षेत्रों में 22 सर्विलांस अधिकारियों की तैनाती की गई है। अभियान की तैयारी उस समय और तेज कर दी गई जब डूंडाहेड़ा सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के नमूने की जांच में पोलियो वायरस पुष्टि हुई थी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने 12 नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में विशेष सर्वे कराया।
107 टीमों ने 10 दिनों तक 31,100 घरों का सर्वे किया और 13,932 बच्चों के टीकाकरण की स्थिति का सत्यापन किया। सर्वे में 289 बच्चे ऐसे मिले जिन्हें पोलियो की खुराक नहीं मिली थी, जबकि 378 बच्चे पिछले दो चरणों में एक खुराक लेने से वंचित रह गए थे।
हालांकि 12,786 बच्चों का दोनों चरणों में पूर्ण टीकाकरण होने की पुष्टि हुई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. सचिन वैश्य ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए आशा, आंगनबाड़ी और स्वास्थ्य कर्मियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
