Amritsar: फर्जी पासपोर्ट बनाने वाले गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार, हरियाणा और झारखंड में पुलिस ने दी थी दबिश
फर्जी पासपोर्ट बनाने वाले गिरोह के चार सदस्यों को मकबूलपुरा थाने की पुलिस ने हरियाणा व झारखंड राज्यों से गिरफ्तार किया है। हालांकि इस गिरोह के छह सदस्यों को पुलिस पिछले एक महीने से काबू कर जेल की सलाखों के पीछे धकेल चुकी है।
अमृतसर, नवीन राजपूत: फर्जी पासपोर्ट बनाने वाले गिरोह के चार सदस्यों को मकबूलपुरा थाने की पुलिस ने हरियाणा व झारखंड राज्यों से गिरफ्तार किया है। हालांकि इस गिरोह के छह सदस्यों को पुलिस पिछले एक महीने से काबू कर जेल की सलाखों के पीछे धकेल चुकी है।
एडीसीपी अभिमन्यु राणा और एसीपी जीपीएस नागरा ने बताया कि गिरोह के नौ सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली, नोयडा और हरियाणा में दबिश दी जा रही है। फिलहाल पुलिस ने पकड़े गए आरोपितों के कब्जे से 22 लाख ड्रग मनी, फर्जी दस्तावेजों पर बने दो फर्जी पासपोर्ट, एक रिवाल्वर, चार कारतूस और दस ग्राम हेरोइन बरामद कर केस दर्ज कर लिया है।
जांच में सामने आया है कि उक्त आरोपितों की कारगुजारियों के कारण अमृतसर के कंबो थाने के अधीन इलाके में रहने वाला कुख्यात तस्कर हरभेज सिंह उर्फ जावेद फर्जी पासपोर्ट के जरिए पुर्तगाल फरार हो चुका है। जावेद ने साल 2020 में इंस्पेक्टर सुखविंदर सिंह रंधावा पर गोली चलाई थी। जावेद के खिलाफ नशा तस्करी के दस मामले दर्ज हैं और अब वह पुर्तगाल में बैठकर अपने गुर्गे सराए अमानत खां के चीमा कलां गांव निवासी अमृतपाल सिंह द्वारा नशे के कारोबार कर रहा है। अमृतपाल सिंह को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।
एडीसीपी ने पकड़े गए आरोपितों की पहचान हरियाणा के कैथल जिला के पबनावा गांव निवासी सावन कुमार, सोहन लाल उर्फ सोनू, मुंडरी गांव निवासी नरिंदर सिंह, तितरम गांव निवासी जसविंदर गिल, नवीन कुुमार उर्फ बबू, कुरुक्षेत्र जिला निवासी राकेश कुमार, सोनीपत के मोहाना गांव निवासी सरवन, झारखंड के धनबाद जिला के गांव कतरास निवासी दलीप कुमार पासवान, तरनतारन के सराय अमानत खां निवासी अमृतपाल सिंह, गुड़गाव के सोहाना गांव निवासी अमित राघव, अजनाला स्थित पुराना पटवार खाना के पास रहने वाला अमरीक सिंह, न्यू दिल्ली स्थित नजफगढ़ निवासी राहुल उजा के रूप में बताई है। उक्त सभी आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जबकि गिरोह के नौ सदस्यों को काबू किया जाना बाकी है।
अमृतपाल संभाल रहा नशे और ड्रग मनी का कारोबार
जांच में सामने आय़ा है कि अमृतपाल सिंह पुर्तगाल (विदेश) में बैठे अपने आका हरभेज सिंह उर्फ जावेद का हेरोइन का कारोबार संभाल रहा है। यहां से हेरोइन की बिक्री के बाद वह ड्रग मनी को जावेद के इशारे पर विदेश में भेज रहा है। जावेद की तर्ज पर कई कुख्यात तस्कर व आतंकी भी इस गिरोह के संपर्क में हैं, जो फर्जी पासपोर्ट बनवाकर विदेश भागने की फिराक में हैं।
- सावन कुमार ने हरभेज सिंह उर्फ जावेद को विदेश भेजा।
- सोहन लाल ने जावेद से लाखों रुपये वसूले और पासपोर्ट बनवाने के लिए गिरोह के सदस्यों से मुलाकात करवाई।
- नरिंदर सिंह ने फर्जी आधार कार्ड व अन्य दस्तावेज फर्जी तैयार करवाए।
- जसविंदर सिंह ने फर्जी पासपोर्ट तैयार करवाकर नवीन कुमार को दिया।
- नवीन बाबा बुड्ढा कालोनी , झब्बाल रोड पर रहता है और जावेद का काफी करीबी है। इसी ने गिरोह से जावेद की मुलाकात करवाई।
- कुरुक्षेत्र का राकेश कुमार फर्जी पासपोर्ट बनवाने वाले गिरोह का किंगपिन है। उसके खिलाफ हरियाणा में फर्जी पासपोर्ट के केस दर्ज हैं।