सिकंदराराऊ में सोते समय
दंपती पर डाला तेजाब
संसू, हाथरस : कोतवाली सिकंदराराऊ क्षेत्र के गांव मुगलगढ़ी में बुधवार की देर रात आंगन में सो रहे दंपती पर एक युवक ने तेजाब फेंक दिया। घटना के पीछे रुपयों के लेनदेन का विवाद बताया जा रहा है। दंपती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां से उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
मुगलगढ़ी के जितेंद्र कुमार ने बताया कि वह और उनकी पत्नी बरामदे में अलग-अलग चारपाई पर सो रहे थे। रात करीब साढ़े 11 बजे अरविंद पुत्र कोमल सिंह घर में घुस आया। उसने पत्नी के चेहरे व उनके शरीर पर तेजाब डाल दिया। चीख-पुकार सुनकर अन्य लोग आ गए। आरोपित वहां से भाग गया। पुलिस को इस बारे में सूचना दी गई। सीओ सुरेंद्र सिंह, एसएचओ एके सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदराराऊ लेकर आई। यहां से उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में उपचार के बाद दंपती को घर भेज दिया गया। एसएचओ सिकंदराराऊ एके सिंह ने बताया कि रुपयों के लेनदेन का विवाद बताया जा रहा है। जितेंद्र की तहरीर के आधार पर आरोपित अरविंद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।