नलकूप से चोरी करने वाले दो युवकों ने किसान को पीटा
जेएनएन, सम्भल : असमोली थाना क्षेत्र के नरैठा मोहम्मदपुर मंगलवार की रात एक किसान के खेत से स्टार्टर चोरी कर रहे दो युवकों ने आहट होने पर जगे किसान की जमकर पिटाई कर दी। उन्हें अस्पताल में दाखिल कराया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
थाना क्षेत्र के गांव नरैठा मोहम्मदपुर निवासी राजपाल सिंह मंगलवार की देर रात को सिंचाई करने के लिए अपने खेत पर गए थे। रात होने के कारण नलकूप पर सो गए थे। रात में करीब सवा 12 बजे दो युवक नलकूप पर पहुंचे और स्टार्टर खोलने लगे। आहट सुन उनकी आंख खुल गई। नलकूप के पास दो लोग स्टार्टर को खोलने का प्रयास कर रहे थे। पर उन्होंने शोर मचाते हुए विरोध शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपितों ने लाठी डंडे से उन पर हमला बोल दिया, जिसमें वह घायल हो गए। आरोपित मौका पाते ही भाग गए। इसके बाद जैसे तैसे राजपाल अपने घर पहुंचे और स्वजन को आपबीती सुनाई। उनका इलाज कराया गया। ग्रामीणों ने बताया कि स्टार्टर खोलने वाले गांव के ही दो लोग हैं। बुधवार को राजपाल ने पुलिस को सूचना दी। इसके पहले सोमवार को भी एक युवक को पाइप लाइन चोरी करते हुए पकड़ा गया था। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।