Puducherry 12th Exam 2021: पुदुचेरी सरकार ने रद्द की 12वीं की परीक्षा, पढ़ें पूरी जानकारी
Puducherry 12th Exam 2021 आज जारी औपचारिक आदेश के अनुसार पुदुचेरी सरकार ने पुदुचेरी और कराईकल क्षेत्रों में प्लस टू पब्लिक एग्जाम को रद्द कर दिया है। बता दें कि चूंकि केंद्रशासित प्रदेश का अपना राज्य बोर्ड नहीं है इसलिए यूटी के सभी स्कूल तमिलनाडु बोर्ड से संबद्ध हैं।
Puducherry 12th Exam 2021: पुदुचेरी सरकार ने इस वर्ष कोविड-19 महामारी को देखते हुए कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षा को रद्द कर दिया है। इस संबंध में न्यूज एजेंसी एएनआई ने ट्वीट करके जानकारी दी है। हालांकि, मूल्यांकन मानदंड की घोषणा की जानी अभी बाकी है।
पिछले सप्ताह तमिलनाडु सरकार द्वारा कक्षा 12 के छात्रों के लिए टीएन बोर्ड परीक्षा 2021 को रद्द करने के बाद यह घोषणा की गई है। आज जारी औपचारिक आदेश के अनुसार, पुदुचेरी सरकार ने पुदुचेरी और कराईकल क्षेत्रों में प्लस टू पब्लिक एग्जाम को रद्द कर दिया है। बता दें कि चूंकि केंद्रशासित प्रदेश का अपना राज्य बोर्ड नहीं है, इसलिए यूटी के सभी स्कूल तमिलनाडु बोर्ड से संबद्ध हैं। टीएन बोर्ड 12वीं परीक्षा 2021 को रद्द करने के बाद, पुदुचेरी 12वीं परीक्षा 2021 को रद्द करना अनिवार्य था। हालांकि, औपचारिक घोषणा में देरी हुई, क्योंकि इस संबंध में तमिलनाडु सरकार से आधिकारिक आदेश की प्रतीक्षा की जा रही थी।
पुदुचेरी प्लस टू परीक्षा 2021 को रद्द करने की आधिकारिक घोषणा के बाद, 12 हजार से अधिक स्टूडेंट्स को बड़ी राहत मिली है, जो कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होने के लिए रजिस्टर्ड थे। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा साझा किए गए डिटेल्स के अनुसार, पुदुचेरी में कुल 12,353 स्टूडेंट्स और कराईकल में 2,321 स्टूडेंट्स ने 12वीं की परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था।
गौरतलब है कि सीबीएसई सहित कई राज्य बोर्ड ने 12वीं कक्षा की परीक्षा को रद्द कर दिया है। कोविड के मद्देनजर, स्टूडेंट्स की सुरक्षा को देखते हुए ये निर्णय लिए गए हैं। पुदुचेरी के अलावा, तमिलनाडु, बंगाल, महाराष्ट्र, केरल, गुजरात सहित कई राज्यों ने भी बोर्ड परीक्षा कैंसिल करने की घोषणा की है। वहीं, कुछ राज्य बोर्ड द्वारा 12वीं की परीक्षा के बारे में अबतक अंतिम फैसला नहीं किया गया है। पंजाब, असम, झारखंड सहित अन्य राज्यों द्वारा परीक्षा के आयोजन या रद्द किए जाने से संबंधित घोषणा की जानी बाकी है।