NEET PG 2023: नीट पीजी अप्लीकेशन में करेक्शन आज से शुरू, इन डिटेल में नहीं कर पाएंगे सुधार
NEET PG 2023 Application Correction नीट पीजी 2023 के लिए आवेदन किए उम्मीदवार अपने अप्लीकेशन के सीमित विवरणों संशोधन आज 30 जनवरी से 3 फरवरी के बीच कर सकते हैं। इसके बाद NBEMS द्वारा फोटो हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान में सुधार का मौका दिया जाएगा।
एजुकेशन डेस्क। NEET PG 2023 Application Correction: नीट पीजी 2023 रजिस्ट्रेशन करने वाले उम्मीदवारों को लिए महत्वपूर्ण अलर्ट। देश भर के विभिन्न चिकित्सा उच्च शिक्षा संस्थानों में पीजी लेवल की डिग्री व डिप्लोमा कोर्सेस के लिए इस साल दाखिले के लिए आयोजित की जाने वाली प्रवेश परीक्षा नीट पीजी 2023 के लिए सबमिट किए गए अप्लीकेशन करेक्शन आज यानि 30 जनवरी से किए जा सकते हैं। परीक्षा का आयोजन कर रहे आयुर्विज्ञान में राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड (NBEMS) द्वारा नीट पीजी 2023 के आवेदन में सुधार हेतु विंडो 3 फरवरी तक ओपेन रखने की घोषणा की गई है।
NEET PG 2023: नीट पीजी अप्लीकेशन के इन विवरणों में सुधार की नहीं है अनुमति
हालांकि, नीट पीजी 2023 अप्लीकेशन करेक्शन करने जा रहे उम्मीदवारों को ध्यान देना चाहिए कि NBEMS ने आवेदन के सभी विवरणों में संशोधन या त्रुटि सुधार की अनुमति नहीं दी है। उम्मीदवार पहले सबमिट किए गए अप्लीकेशन में भरे गए अपने नाम, ईमेल आइडी, मोबाइल नंबर, राष्ट्रीयता और परीक्षा शहर में कोई संशोधन नहीं कर सकेंगे। इनके अतिरिक्त अन्य सभी विवरणों में संशोधन की छूट बोर्ड द्वारा उम्मीदवारों की दी गई है।
NEET PG 2023: नीट पीजी अप्लीकेशन करेक्शन का एक और मौका 14 से 17 फरवरी तक
उम्मीदवारों को अपने सबमिट किए नीट पीजी 2023 आवेदन में सुधार का यह आखिरी मौका NBEMS द्वारा दिया गया है। इसके बाद सभी आवेदनों की स्क्रूटिनी बोर्ड द्वारा की जाएगी और यदि किसी उम्मीदवार के अपलोड किए गए फोटोग्राफ, हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान में किसी सुधार की आवश्यकता होती है तो उस कैंडीडेट को बोर्ड द्वारा इसके लिए सूचित किया जाएगा और साथ ही सिर्फ इन्हीं उम्मीदवारों को नीट पीजी 2023 अप्लीकेशन करेक्शन का एक और मौका 14 से 17 फरवरी 2023 तक दिया जाएगा।
बता दें कि NBEMS ने नीट पीजी 2023 में सम्मिलित होने के लिए जरूरी पंजीकरण हेतु अप्लीकेशन विंडो 27 जनवरी तक ओपेन की थी। परीक्षा का आयोजन 5 मार्च को किया जाना है। पंजीकृत उम्मीदवार अपना नीट पीजी 2023 एडमिट कार्ड आधिकारिक वेबसाइट से 27 फरवरी से डाउनलोड कर सकेंगे।