UPSC Result 2018ः इस महिला ASI की बेटी बनी IPS, पहले ही प्रयास में हासिल की 147वीं रैंक
दिल्ली पुलिस में तैनात महिला एएसआइ की बेटी पूजा गुप्ता ने अपने पहले ही प्रयास में सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल की है।
नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली पुलिस में तैनात महिला एएसआइ की बेटी पूजा गुप्ता ने अपने पहले ही प्रयास में संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की ओर से आयोजित सिविल सेवा परीक्षा में सफलता का परचम लहराया है। उन्होंने परीक्षा में 147वीं रैंक हासिल की है। शुक्रवार को घोषित हुए परीक्षा के परिणाम में पूजा अपना नाम देखकर बेहद हुईं और बचपन से आइपीएस बनकर देश की सेवा करने के सपने को साकार होने पर बेहद उत्साहित भी हैं। इस शानदार उपलब्धि की जानकारी मिलते ही उनके त्रिनगर स्थित आवास पर बधाईयां देने वालों का सिलसिला थम नहीं रहा है।
25 वर्षीय पूजा ने बताया कि इस सफलता में उनकी कठिन मेहनत, निरंतर अभ्यास के साथ उनके पूरे परिवार का भरपूर योगदान है, लेकिन सबसे बड़ा योगदान उनकी मां रेखा गुप्ता का है, जो वर्तमान में उत्तरी जिले के पुलिस नियंत्रण कक्ष में बतौर एएसआइ तैनात हैं। वह बताती हैं कि पुलिस अधिकारी बनने की प्रेरणा बचपन में अपनी मां की वर्दी को देखकर मिली। ऐसे में उन्होंने इसे अपना लक्ष्य बनाया।
पूजा ने बताया कि उन्होंने 12वीं की पढ़ाई करने के बाद रोहिणी सेक्टर 15 स्थित इएसआइसी अस्पताल व मेडिकल कॉलेज में 2012 में बीडीएस कोर्स में दाखिला लिया था। 2017 में पढ़ाई पूरी करने के साथ ही पूजा ने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी थी। ऐसे में जब वह प्रारंभिक परीक्षा में उर्तीण हुईं तो उन्होंने जोरशोर से तैयारियां शुरू कर दीं और अंत में उन्हें यह सफलता मिल ही गई।
पूजा ने बताया कि उन्होंने मुख्य परीक्षा में एंथ्रोपोलॉजी (मानव विज्ञान) का चयन किया था। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम के साथ लगातार अध्ययन से सफलता हासिल करना मुमकिन है। पूजा की मां रेखा गुप्ता 1990 में दिल्ली पुलिस में सिपाही के रूप में भर्ती हुईं थीं। पिता राजकुमार गुप्ता अकाउंटैंट हैं। वहीं छोटी बहन कृतिका बीएससी सेकेंड ईयर की छात्रा है।