विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 28, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

यूजीसी के निर्देश पर खोला जाएगा जेएनयू, कुछ स्कूलों ने शुरू की ऑनलाइन मिड टर्म परीक्षा

By Prateek KumarEdited By:
Published: Tue, 28 Apr 2020 04:34 PM (IST)Updated: Tue, 28 Apr 2020 04:35 PM (IST)

जेएनयू के कुछ केंद्रों की तरफ से ऑनलाइन मिड टर्म परीक्षा भी शुरू कर दी गई है। कुछ स्कूलों की ...और पढ़ें

यूजीसी के निर्देश पर खोला जाएगा जेएनयू, कुछ स्कूलों ने शुरू की ऑनलाइन मिड टर्म परीक्षा
यूजीसी के निर्देश पर खोला जाएगा जेएनयू, कुछ स्कूलों ने शुरू की ऑनलाइन मिड टर्म परीक्षा

नई दिल्ली (राहुल मानव)। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के कुलपति प्रो एम जगदीश कुमार ने विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए खोले जाने के सिलसिले में कहा है कि इस संबंध में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की तरफ से जो भी दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे उसी का अनुपालन किया जाएगा। कुछ समय पहले जेएनयू की अकादमिक कमेटी (एसी) की तरफ से विश्वविद्यालय को खोलने की सभावित तारीखों की स्वीकृति दी गई थी कि जून के पहले हफ्ते से विश्वविद्यालय को खोल दिया जाए। लेकिन, सरकार द्वारा लॉकडाउन को हटाने और यूजीसी के द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के तहत इन तारीखों को समायोजित किया जा सकता है।

इसके साथ ही अकादमिक कमेटी ने जेएनयू के सभी स्कूलों व केंद्रों को स्वीकृति दी है कि वह अपनी इच्छा अनुसार अपने केंद्रों व स्कूलों की ऑनलाइन कक्षाओं और ऑनलाइन मिड टर्म व एंड टर्म परीक्षा के सिलसिले में स्वतंत्र रूप से फैसला कर सकते हैं।

जेएनयू में कई स्कूलों और विशेष केंद्रों के अधीन संचालित होने वाले कई पाठ्यक्रमों के लिए एक ही तरह का समाधान सही नहीं था। इसलिए उन्हें अपनी तरह से अपनी अकादमिक गतिविधियों के अनुरूप कार्य योजना तैयार करने के लिए कह दिया गया। उन्होंने कहा कि जब भी विश्वविद्यालय खुलेगा और छात्र वापस लौटेंगे तब सरकार की दिशा निर्देशों के अनुरूप उनकी कोविड-19 की जांच करते हुए उन्हें 14 दिनों तक क्वारंटाइन करने का फैसला लिया जा सकता है।

वहीं जेएनयू के कुछ केंद्रों की तरफ से ऑनलाइन मिड टर्म परीक्षा भी शुरू कर दी गई है। कुछ स्कूलों की तरफ से एंड टर्म परीक्षा भी मई के अंत तक ऑनलाइन माध्यम से शुरू करने की तैयारी की जा रही है।

पर्यावरण अध्ययन स्कूल ने शुरू की ऑनलाइन परीक्षाएं -

जेएनयू के पर्यावरण अध्ययन स्कूल (स्कूल ऑफ एनवायरमेंटल स्टडीज) के डीन प्रो उमेश कुलश्रेष्ठ ने बताया कि हमारे स्कूल ने 26 अप्रैल से ऑनलाइन मिड टर्म परीक्षाओं को शुरू कर दिया है। इसमें छात्रों से ईमेल के माध्यम से परीक्षाओं का आयोजन किया जा रहा है और उनसे इन परीक्षा के जवाब देने के लिए 24 घण्टे तक की अवधि को निर्धारित किया गया है।

जेएनयू में आमतौर पर हमारे स्कूल की 20 मार्च से लेकर मार्च के अंत तक मिड टर्म परीक्षा होती थी। लॉकडाउन के कारण परीक्षा का संचालन नहीं हो सका। लेकिन अब 5 मई तक हमारे स्कूल की मिड टर्म परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा हमारी योजना है कि मई के अंत तक एंड टर्म परीक्षा का आयोजन किया जाए। इस संबंध में यूजीसी के भी दिशा-निदेशों का पालन किया जाएगा।