भारत रत्न पाने वालों को नहीं मिलता एक भी रुपया, मिलती हैं ये सुविधाएं
क्या आपको पता है कि इस सम्मान के साथ व्यक्ति को कौन-सी सुविधाएं मिलती हैं?
नई दिल्ली, जेएनएन। देश के पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को आठ अगस्त को वर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा भारत रत्न दिया जाएगा। राजनीतिज्ञ नानाजी देशमुख और गायक भूपेन हजारिका को भी मरणोंपरांत यह सम्मान दिया जाएगा। गौरतलब है कि कला,साहित्य, विज्ञान, सार्वजनिक सेवा और खेल में अपना योगदान देने वालों को हर साल भारत सरकार यह सर्वोच्च नागरिक सम्मान देती है। लेकिन क्या आपको पता है कि इस सम्मान के साथ व्यक्ति को कौन-सी सुविधाएं मिलती हैं...
1. नहीं मिलती कोई रकम
भारत रत्न पाने वालों को सरकार की ओर से एक प्रमाणपत्र और तमगा दिया जाता है। तमगे पर एक सूर्य बना होता है, जबकि बैकग्राउंड में पीतल पत्ते की आकृति होती है। इस तमगे पर हिंदी में भारत रत्न लिखा होता है। हालांकि, इस सम्मान के साथ कोई भी रकम नहीं दी जाती है।
2. फ्री सफर की सुविधा
भारत रत्न पाने वालों को भारत सरकार कई प्रकार की सुविधाएं देती है। इनमें सबसे खास है कि उस व्यक्ति के लिए रेलवे की यात्रा मुफ्त होती है। इसके अलावा दिल्ली सरकार उन्हें फ्री बस सेवा की सुविधा प्रदान करती है।
3. वॉरंट ऑफ़ प्रिसिडेंस में मिलती है जगह
भारत रत्न पाने वाले व्यक्ति को सरकार 'वॉरंट ऑफ़ प्रिसिडेंस 'में जगह देती है। यह एक किस्म का प्रोटोकॉल है। जब प्रोटोकॉल को फॉलो किया जाता है, तब उन्हें राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल, पूर्व राष्ट्रपति, उपप्रधानमंत्री, मुख्य न्यायाधीश, लोकसभा स्पीकर, कैबिनेट मंत्री, मुख्यमंत्री, पूर्व प्रधानमंत्री और संसद के दोनों सदनों में विपक्ष के नेता के बाद जगह मिलती है।
4. विजिटिंग कार्ड पर लिख सकते हैं सम्मान का नाम
भारत रत्न से सम्मानित व्यक्ति विज़िटिंग कार्ड पर सम्मान का नाम लिख सकते हैं। हालांकि, इसका एक तरीका है। वे अपने कार्ड पर 'राष्ट्रपति द्वारा भारत रत्न से सम्मानित' या 'भारत रत्न प्राप्तकर्ता' ही लिख सकते हैं।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप