JEE Main 2021 Result: एनटीए जल्द ही घोषित कर सकता है जेईई मेन परीक्षा के नतीजे, रखें नजर jeemain.nta.nic.in पर
JEE Main 2021 Result एनटीए जल्द ही जेईई मेन 2021 रिजल्ट की घोषणा आधिकारिक पोर्टल jeemain.nta.nic.in पर कर सकता है। इसके बाद उम्मीदवार अपना जेईई मेन 2021 रिजल्ट अपना स्कोर कटेगरी रैंक और ओवरऑल रैंक की जानकारी ले पाएंगे।
नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। JEE Main 2021 Result: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित की गयी इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई मेन 2021 के नतीजों की घोषणा जल्द ही की जा सकती है। जेईई मेन रिजल्ट 2021 की घोषणा के बाद उम्मीदवारों परीक्षा पोर्टल पर लॉग-इन करके अपना जेईई मेन 2021 रिजल्ट, अपना स्कोर, कटेगरी रैंक और ओवरऑल रैंक की जानकारी ले पाएंगे। इसलिए एनटीए द्वारा ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन (मेन), 2021 के नतीजों की घोषणा आधिकारिक पोर्टल, jeemain.nta.nic.in पर की जाएगी। जेईई मेन 2021 परीक्षा में सम्मिलित हुए उम्मीदवारों को परीक्षा पोर्टल पर नजर बनाये रखनी चाहिए।
जेईई मेन 2021 रिजल्ट आज जारी होने की कितनी है संभावना?
इंजीनियरिंग के क्षेत्र मे कैरियर बनाने और देश के प्रतिष्ठित संस्थानों, आईआईटी में दाखिले की इच्छा रखने वाले उम्मीदवारों को जेईई एडवांस परीक्षा में सम्मिलित होना होता है। इस वर्ष की जेईई एडवांस परीक्षा का आयोजन 3 अक्टूबर 2021 को किया जाना है और परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए रजिस्ट्रेशन प्रॉसेस 11 सितंबर 2021 से शुरू हो रहा है। चूंकि जेईई एडवांस परीक्षा के लिए जेईई मेन में सफल उम्मीदवार ही रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं, ऐसे में शनिवार से शुरू हो रहे रजिस्ट्रेशन से पहले जेईई मेन 2021 रिजल्ट की घोषणा आज किये जाने की पूरी संभावना है। हालांकि, एनटीए द्वारा आधिकारिक रूप से नतीजों की तारीख घोषित नहीं की है, इसलिए उम्मीदवार को परीक्षा पोर्टल पर समय-समय पर विजिट करते रहना चाहिए।
इन स्टेप मे देखें जेईई मेन 2021 रिजल्ट
इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा में सम्मिलित हुए उम्मीदवारों को अपना जेईई मेन 2021 रिजल्ट चेक करने के लिए घोषणा के बाद परीक्षा पोर्टल पर विजिट करना होगा। इसके बाद होम पेज पर ही उपलब्ध कराये जाने वाले लिंक पर क्लिक करना होगा। फिर नये पेज पर उम्मीदवारों का अपना लॉग-इन विवरण भरकर सबमिट करना होगा। इसके बाद उम्मीदवार अपना जेईई मेन रिजल्ट 2021, स्कोर, कटेगरी और ओवरऑल रैंक देख पाएंगे।