यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 23, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
IGNOU July 2020: जुलाई में आरंभ होने वाले सेमेस्टर/वर्ष के लिए रि-रजिस्ट्रेशन शुरु, इस लिंक से करें आवेदन
IGNOU July 2020 इग्नू के समर्थ पोर्टल पर जुलाई 2020 सेमेस्टर या वर्ष के लिए रि-रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 30 जून 2020 निर्धारित की गयी है।

नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। IGNOU July 2020: इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय यानि इग्नू ने विभिन्न कोर्सेस के लिए जुलाई 2020 से आरंभ होने वाले सेमेस्टर / वर्ष के लिए रि-रजिस्ट्रेशन फिर शुरु कर दिया है। इग्नू के विभिन्न पाठ्यक्रमों के छात्र जिन्हें अगले सेमेस्टर या वर्ष के लिए रजिस्ट्रेशन करना है, वे विश्वविद्यालय द्वारा रि-रजिस्ट्रेशन के लिए बनाये गये समर्थ पोर्टल, ignou.samarrth.edu.in पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं।
छात्रों को जुलाई 2020 सेमेस्टर या वर्ष के लिए रि-रजिस्ट्रेशन करने के लिए समर्थ पोर्टल पर अपने यूजर नेम (इनरोलमेंट नंबर) और पासवर्ड के माध्यम से लॉगिन करना होगा। जिन छात्रों ने इस पोर्टल पर अपना लॉगिन नहीं बनाया है, उन्हें न्यू रजिस्ट्रेशन लिंक पर क्लिक करके पहले अपना पंजीकरण करना होगा। पंजीकरण के लिए छात्रों को अपने प्रोग्राम, इनरोलमेंट नंबर के साथ-साथ अन्य विवरण भरने होंगे। समर्थ पोर्टल पर लॉगिन करने के बाद ही छात्र जुलाई 2020 सेमेस्टर या वर्ष के लिए रि-रजिस्ट्रेशन कर पाएंगे।
बता दें कि इग्नू के समर्थ पोर्टल पर जुलाई 2020 सेमेस्टर या वर्ष के लिए रि-रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 30 जून 2020 निर्धारित की गयी है। इग्नू ने रि-रजिस्ट्रेशन की कुछ पाठ्यक्रमों को छोड़कर अन्य सभी के लिए रि-रजिस्ट्रेशन उपलब्ध कराये हैं। जिन कोर्सेस के लिए रि-रजिस्ट्रेशन इस पोर्टल से आरंभ नहीं किये गये हैं, उनमें मैनेजमेंट प्रोग्राम, मास्टर ऑफ सोशल वर्क, मास्टर ऑफ ट्रैवल एवं टूरिज्म मैनेजमेंट, इंटीग्रेटेड बीसीए/एमसीए, बीए, बीकॉम, बीएससी (ओल्ड पैटर्न) और बीसीए पाठ्यक्रम शामिल हैं। इन पाठ्यक्रमों के लिए रि-रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया विश्वविद्यालय द्वारा 25 अप्रैल 2020 के बाद शुरु की जाएगी।
इग्नू ने समर्थ पोर्टल की शुरुआत छात्रों के लिए ‘सिंगल विंडो’ के तौर पर की गयी है, जहां छात्रों के लिए सभी जरूरी सूचनाएं विश्वविद्यालय द्वारा उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही, छात्र समर्थ पोर्टल पर अपने पाठ्यक्रम, पता, अध्ययन केंद्र, क्षेत्रीय केंद्र, आदि में परिवर्तन के लिए आवेदन भी कर पाएंगे और सत्रांत अपना परीक्षा फॉर्म ऑनलाइन जमा भी कर पाएंगे।
