Central Universities Ranking 2020: सेंट्रल यूनिवर्सिटी रैंकिंग में जामिया मिलिया इस्लामिया टॉप पर, पढ़ें डिटेल
Central Universities Ranking 2020 ग्रेडिंग और स्कोरिंग पर विस्तृत अध्ययन के बाद जामिया ने सबसे अधिक 90 प्रतिशत अंक हासिल किए।
Central Universities Ranking 2020: देश में शिक्षा मंत्रालय की सेंट्रल यूनिवर्सिटी रैंकिंग सूची जारी हो गई है। जिसमें दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया (JMI) को पहला स्थान प्राप्त हुआ है। शिक्षा मंत्रालय द्वारा जारी केंद्रीय विश्वविद्यालयों की सूची में जामिया मिलिया इस्लामिया पहले स्थान पर रहा। जामिया ने राजीव गांधी विश्वविद्यालय, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय और अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय समेत 40 अन्य केंद्रीय विश्वविद्यालयों को पीछे छोड़ते हुए टॉप रैंक हासिल किया है।
बता दें कि केंद्रीय विश्वविद्यालयों की ग्रेडिंग और स्कोरिंग पर विस्तृत अध्ययन के बाद, जामिया ने सबसे अधिक 90 प्रतिशत अंक हासिल किए। इसके बाद अरुणाचल प्रदेश के राजीव गांधी विश्वविद्यालय (83 प्रतिशत), जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (82 प्रतिशत) और अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (78 प्रतिशत) का स्थान रहा। केंद्रीय विश्वविद्यालयों का मूल्यांकन 2019-20 में तय किए गए एमओयू (MOU) के हिसाब से किया गया है।
केंद्रीय विश्वविद्यालय रैंकिंग में विश्वविद्यालयों का मूल्यांकन कई पैमानों के आधार पर हुआ है। जिसमें विभिन्न पाठ्यक्रमों यूजी, पीजी, पीएचडी में स्टूडेंट्स की संख्या और लैंगिक अनुपात भी शामिल हैं। इसके साथ ही, कैंपस प्लेसमेंट भी इस रैंकिंग प्रक्रिया का आधार बना है। इसके अलावा, नेट और गेट परीक्षा में सफल होने वाले स्टूडेंट्स की संख्या के आधार पर भी यह रैंकिंग तैयार की गई है। बता दें कि संकाय गुणवत्ता, छात्र-शिक्षक अनुपात, शिक्षक रिक्ति और अन्य कारक भी स्कोर के मूल्यांकन में उपयोग किए जाने वाले मापदंडों की सूची में शामिल थे।
जामिया मिलिया इस्लामिया की वाइस चांसलर नजमा अख्तर ने कहा कि यह उपलब्धि और भी अधिक महत्वपूर्ण है, क्योंकि हाल के दिनों में विश्वविद्यालय 'चुनौतीपूर्ण समय' से गुजरा था। उन्होंने विश्वविद्यालय की उच्च गुणवत्ता वाले शिक्षण, प्रासंगिक और केंद्रित अनुसंधान और विश्वविद्यालय की बेहतर धारणा को उपलब्धि के कारक के रूप में श्रेय दिया है।