CBSE Class 12 Exam: गणित के पेपर में एक सवाल ने किया कंफ्यूज, सीबीएसई ने दी सफाई
एक छात्र ने बताया कि पेपर काफी आसान था और सभी सवाल एनसीइआरटी की किताबों से पूछे गए थे। केवल एक सवाल थोड़ा कठिन था बाकी सब आसान थे।
नई दिल्ली, जेएनएन। CBSE Maths Class 12th 2019 का पेपर आज हुआ। गणित का पेपर कॉमर्स और साइंस दोनों ही स्ट्रीम के छात्रों के लिए अहम होता है। फिर गणित ऐसा विषय है, जिसमें अधिक से अधिक अंक प्राप्त करने का अच्छा अवसर होता है। ऐसे में आज हुआ 12वीं के गणित का पेपर काफी अहम रहा। छात्रों की मानें तो ये पेपर लंबा था, लेकिन मुश्किल नहीं।
एक छात्र ने बताया कि पेपर काफी आसान था और सभी सवाल एनसीइआरटी की किताबों से पूछे गए थे। केवल एक सवाल थोड़ा कठिन था बाकी सब आसान थे। हमने जब गणित का पेपर देखा, तो हमें भी उस सवाल ने चौंका दिया। इस सवाल ने छात्रों को भी कंफ्यूज कर दिया। कई बच्चे इस सवाल से जूझते नजर आए। हालांकि, सीबीएसई के अधिकारियों का कहना है कि इस स्थिति से निपटने के लिए एक मैकेनिज्म (प्रकिया) है।
दरअसल, सेट-2 में सवाल नंबर 26 अंग्रेजी में 'X-axis' का क्षेत्रफल पूछा गया था, जबकि इसी सेट के हिंदी में 'X-axis' के पास का क्षेत्रफल पूछा गया था। ऐसे में छात्र इस बात को लेकर कंफ्यूज हो गए कि 'X-axis' का क्षेत्रफल निकालना है या फिर इसके पास के क्षेत्र की गणना करनी है।
हालांकि, अन्य सेट के हिंदी और अंग्रेजी में 'X-axis' के पास का क्षेत्रफल ही पूछा गया था। ऐसे में जब सीबीएसइ के सामने ये समस्या रखी गई, तब सीबीएसई के अधिकारियों ने कहा कि देखिए, इस तरफ की स्थिति से निपटने के लिए हमारे पास एक मैकेनिज्म (प्रकिया) है। अंत में अंक जोड़ते समय इस प्रक्रिया के तहत ही काम किया जाएगा। छात्रों को इस सवाल की वजह से कोई असुविधा नहीं होगी। कुल मिलाकर आज गणित का पेपर लंबा, लेकिन आसान था। इसलिए छात्रों को अधिक अंक प्राप्त करने का पूरा मौका मिलेगा।