बंगाल उपचुनाव: नंदीग्राम में भाजपा की रिकॉर्ड जीत, मुस्लिम बहुल रेजीनगर में भी लहराया परचम
भाजपा ने पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा उपचुनावों में बड़ी जीत दर्ज की है। नंदीग्राम में हासिरानी रथ ...और पढ़ें

नंदीग्राम और रेजीनगर उपचुनाव में बीजेपी की जीत

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल की नंदीग्राम व रेजीनगर विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा ने बड़ी जीत दर्ज की है। नंदीग्राम में पार्टी प्रत्याशी हासिरानी रथ ने 1,22,753 वोटों के अंतर से जीत हासिल की, जबकि मुस्लिम बहुल रेजीनगर में भाजपा के शाखारभ सरकार 75,748 वोटों से विजयी हुए।
बता दें कि रेजीनगर सीट पर करीब 74 प्रतिशत मुस्लिम आबादी है। ऐसे में यहां भाजपा की जीत राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। दोनों सीटों पर गत छह अक्टूबर को मतदान हुए थे और शुक्रवार को बेहद कड़ी सुरक्षा के बीच 15 चरणों में मतगणना हुई।
नंदीग्राम सीट मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी व रेजीनगर आम आदमी उन्नयन पार्टी के प्रमुख हुमायूं कबीर के छोड़ने से खाली हुई थीं।
फलता का रिकॉर्ड टूटा
नंदीग्राम की जीत ने भाजपा के गत विधानसभा चुनाव में फलता के रिकार्ड को तोड़ दिया है। फलता में भाजपा प्रत्याशी ने 1,09,021 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी। नंदीग्राम में भाजपा ने शुभेंदु अधिकारी की पिछली जीत के अंतर को भी काफी पीछे छोड़ दिया।
गत विधानसभा चुनाव में शुभेंदु को यहां 1,27,301 वोट मिले थे और उन्होंने निकटतम प्रतिद्वंद्वी तृणमूल कांग्रेस के पवित्र कर को मात्र 9,665 वोटों के अंतर से हराया था। हासिरानी को कुल 1,64,427 वोट मिले। कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान 41,674 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। प्रधान का तृणमूल कांग्रेस के ममता गुट ने भी समर्थन किया था। वहीं भाकपा के शांति गोपाल गिरि को मात्र 5,725 वोट मिले।
रेजीनगर में भाजपा को मुस्लिमों का भारी समर्थन
मुस्लिम बहुल आबादी और हुमायूं कबीर के बेटे की उम्मीदवारी के कारण रेजीनगर सीट का मुकाबला राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा था। यहां भाजपा प्रत्याशी शखारव सरकार ने 1,29,914 वोट मिले। उन्होंने निकटतम प्रतिद्वंद्वी हुमायूं के बेटे गुलाम नबी आजाद को 75,816 वोटों के भारी अंतर से हराया। कांग्रेस को यहां मात्र 6,168 व ममता तृणमूल कांग्रेस को 3,847 वोट मिले।
भाजपा के विरुद्ध फैलाए गए डर को किया खारिज : शुभेंदु
रेजीनगर में जीत पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि लोगों को बताया जा रहा था कि भाजपा सत्ता में आई तो उन्हें बांग्लादेश भेज दिया जाएगा या नजरबंदी केंद्रों में रखा जाएगा, लेकिन पिछले पांच महीनों में वे समझ गए कि ये बातें झूठी हैं। इसी वजह से उन्होंने बिना किसी भेदभाव के भाजपा को वोट दिया।
रेजीनगर में 35 हजार अल्पसंख्यक परिवारों की महिलाओं ने भाजपा के पक्ष में मतदान किया। 70 प्रतिशत अल्पसंख्यक आबादी वाले इस विधानसभा क्षेत्र के करीब 60 प्रतिशत ने भाजपा का समर्थन किया।
