Bihar Weather News: अभी सताएगी उमस और गर्मी, पटना समेत इन जिलों में छिटपुट वर्षा के आसार
Bihar Weather Update मानसून की गतिविधियों में कमी आई है। इस कारण अब तेज वर्षा नहीं हो रही। फिलहाल ऐसे कोई आसार भी नहीं दिख रहे। कहीं-कहीं मध्यम स्तर की तो कहीं-कहीं छिटपुट वर्षा हो सकती है। बादल छाए रहेंगे।
पटना, जागरण संवाददाता। Bihar Weather Update: उमस और गर्मी राजधानी पटना समेत बिहार के अन्य जिलों के लोगों को खूब सता रही है। ना दिन में राहत ना रात में चैन। दिन में कभी-कभी बादलों संग सूरज की लुकाछिपी राहत देती है। लेकिन तपिश में कहीं नहीं आ रही। फिलहाल ऐसी उम्मीद भी नहीं है। दरअसल प्रदेश में मानसून की गतिविधियों में कमी आते हीं मूसलधार वर्षा की जगह छिटपुट वर्षा ने जगह ले ली है।
तीन जिलों में हल्के से मध्यम वर्षा का अनुमान
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार सुपौल, अररिया, किशनगंज जिले के एक या दो स्थानों पर हल्के से मध्यम स्तर की वर्षा का पूर्वानुमान है। वहीं राजधानी समेत प्रदेश के शेष जिलों में छिटपुट वर्षा के साथ मेघ गर्जन के आसार हैं। प्रदेश में मूसलाधार वर्षा को लेकर मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। बुधवार को समस्तीपुर के हसनपुर में 10 मिमी, पटना में 2.1 मिमी एवं भभुआ के चांद में 2.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
- 37.2 डिग्री सेल्सियस के साथ बांका प्रदेश का गर्म शहर
- 35.4 डिग्री सेल्सियस राजधानी का तापमान
- समस्तीपुर में 10.0 मिमी वर्षा दर्ज
सामान्य से तीन डिग्री ऊपर हुआ राजधानी का तापमान
37.2 डिग्री सेल्सियस के साथ बांका प्रदेश का गर्म शहर रहा। वहीं राजधानी का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री ऊपर चढ़ने के साथ 35.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं मानसून ट्रफ दक्षिण पश्चिम राजस्थान और इसके आसपास में बने निम्न दबाव के क्षेत्र कोटा, शिवपुरी, सिद्धि, डालटेनगंज, पुरुलिया होते हुए उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी की ओर गुजर रही है। बारिश नहीं होने से किसानों को काफी निराशा हाथ लग रही है। खेतों में दरारें पड़ी हुई हैं। धान की खेती काफी कम हुई है।
प्रमुख शहरों का तापमान
- पटना - 35.4
- गया - 34.3
- नालंदा - 35.2
- औरंगाबाद - 34.7
- बांका - 37.2
- नवादा - 35.9
- रोहतास - 34.6
- समस्तीपुर - 35.4
- मुजफ्फरपुर - 33.8
- दरभंगा - 36.4
(अधिकतम तापमान डिग्री सेल्सियस में)