Bihar Band Live: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर छात्रों में उत्साह, पटना के डाकबंगला पर गूंजे 'जीत गए' के नारे
जमुई में राजद के नेतृत्व में महागठबंधन ने नीट प्रश्नपत्र लीक और छात्र आंदोलन के समर्थन में धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने नई शिक्षा नीति वापस लेने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
-1784975677364_m.webp)
बिहार बंद प्रदर्शन
डिजिटल डेस्क, पटना। Bihar Bandh Live: नीट पेपर लीक, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और छात्र आंदोलन के दौरान हुए लाठीचार्ज के विरोध में छात्र संगठनों के आह्वान पर शनिवार को बिहार बंद बुलाया गया है। जिसका असर पूरे बिहार में दिख रहा है। राज्यभर में छात्र सड़कों पर उतरकर नीट पेपर के खिलाफ प्रदर्शन कर शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांग रहे हैं। बिहार बंद के दौरान छात्रों का प्रदर्शन उग्र हो गया। ऐसे में पटना, छपरा, लखीसराय सहित कई जिलों में जमकर पथराव हुआ, जिसके बाद पुलिस ने लाठी चार्ज की।
Bihar Bandh Live: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद भी शिवहर में जारी रहा प्रदर्शन
Bihar Bandh Live: नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद भी शिवहर में छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी रहा। छात्रों द्वारा घोषित बिहार बंद के दौरान शनिवार को शिवहर में भीम आर्मी भारत एकता मिशन के बैनरतले छात्रों ने जीरोमाइल चौक पर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया।
Bihar Bandh Live: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद छात्रों में खुशी की लहर
Bihar Bandh Live: धर्मेंद्र प्रधान के शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद छात्रों में खुशी की लहर दौड़ गई। इस दौरान डाकबंगला चौराहे पर जीत गए के नारे गूंजे।
Bihar Bandh Live: बेतिया में पुलिस पर पथराव के बाद एक दर्जन हिरासत में
Bihar Bandh Live: पश्चिमी चंपारण में पेपर लीक के खिलाफ चल रहा विरोध प्रदर्शन अचानक हिंसक हो गया। मुहर्रम चौक पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस बल के बीच तीखी झड़प देखने को मिली। प्रदर्शन के दौरान उग्र भीड़ पर पुलिस प्रशासन पर अचानक पथराव करने का आरोप लगा है। स्थिति को अनियंत्रित होते देख सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और लाठियां भांजकर उपद्रवियों को खदेड़ा। पथराव के बाद कई प्रदर्शनकारी कार्रवाई से बचने के लिए आसपास के मकानों में जाकर छिप गए, जिन्हें पुलिस ने तलाशी अभियान चलाकर खोज निकाला। इस दौरान मौके से लगभग एक दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

Bihar Bandh Live: सिवान में आंसू गैस के साथ हुई 10 राउंड फायरिंग
Bihar Bandh Live: बिहार बंद के आह्वान के दौरान सिवान में छात्रों और बंद समर्थकों का प्रदर्शन हिंसक हो गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुई तीखी नोकझोंक के बाद जमकर पथराव हुआ, इसमें पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा घायल हो गए। हालात पर नियंत्रण पाने के लिए पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज किया, कई राउंड आंसू गैस के गोले छोड़े और 10 राउंड हवाई फायरिंग भी करनी पड़ी।

Bihar Bandh Live: सीतामढ़ी में एसपी समेत 13 पुलिसकर्मी घायल
Bihar Bandh Live: सीतामढ़ी में छात्रों का प्रदर्शन उग्र हो गया। अंबेडकर कल्याण छात्रावास से निकला आक्रोश मार्च शंकर चौक पहुंचते ही हिंसक हो गया। इस दौरान उपद्रवियों ने एक बाइक में आग लगा दी तथा पुलिस पर पथराव कर दिया। पथराव में पुलिस अधीक्षक अमित रंजन घायल हो गए।उनके पैर में चोट लगने के बाद उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार घटना में एक एसआई सहित कुल 13 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।

Bihar Bandh Live: आरा में ट्रेन रोक छात्रों का प्रर्दशन
Bihar Bandh Live: आरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या-दो पर आक्रोशित छात्र संगठनों ने पटना -बक्सर पैसेंजर ट्रेन को रोक दिया और रेलवे ट्रैक पर काफी देर प्रदर्शन किया। बाद में छात्रों को समझा-बुझाकर हटाया गया।

Bihar Bandh Live: नालंदा में दिखा मिलाजुला असर
Bihar Bandh Live: बिहार बंद का असर नालंदा जिले में सीमित रहा। शहर के अधिकांश बाजार सामान्य दिनों की तरह खुले रहे और जनजीवन पर खास प्रभाव नहीं पड़ा। एहतियात के तौर पर कई निजी एवं सरकारी विद्यालय बंद रखे गए।
-1784972047852.jpg)
Bihar Bandh Live: शिवहर के मुख्य पथ में प्रदर्शन करते भीम आर्मी के सदस्य
Bihar Bandh Live: शिवहर में भीम आर्मी के समर्थकों ने नीट पेपर लीक को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र भी मौजूद थे। वहीं हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल भी तैनात रही।
Bihar Bandh Live: छपरा में पथराव से घायल हुए सदर BDO
Bihar Bandh Live: सारण के छपरा में बिहार बंद का असर दिखा। इस दौरान छात्राओं ने सड़क पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। पथराव पर पुलिस ने छात्रों पर लाठी चार्ज किया। इस दौरान सदर बीडियो दृष्टि पांडेय घायल हो गए।
पथराव में सदर BDO दृष्टि पाण्डेय घायल
Bihar Bandh Live: पथराव में सीतामढ़ी एसपी अमित रंजन घायल
Bihar Bandh Live: बिहार बंद प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों के पथराव में पुलिस अधीक्षक अमित रंजन घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घायल एसपी को तत्काल सुरक्षित स्थान पर ले जाकर प्राथमिक उपचार कराया गया।

