पुलिस के पास गई तो दोबारा उठा ले गए और कर दिया दुष्कर्म, बेगूसराय की महिला ने इंस्पेक्टर पर लगाए गंभीर आरोप
बेगूसराय एसपी के जनता दरबार में महिला ने पुलिस ने पर लगाया गंभीर आरोप बोली- पुलिस के कारण ही हुआ दुष्कर्म बरौनी अंचल निरीक्षक के खिलाफ शिकायत पहले अपहरण कर मारपीट व बाद में पुलिस की शह पर दुष्कर्म का आरोप
जागरण संवाददाता, बेगूसराय। बेगूसराय के एसपी के सामने गुरुवार को एक सनसनीखेज शिकायत पहुंची। एसपी से मिलकर एक महिला ने पुलिस पर बहुत बड़ा आरोप लगाया। महिला ने एसपी से मिलकर बरौनी के इंस्पेक्टर पर कार्रवाई की मांग की। इस महिला ने दुष्कर्म का केस दर्ज करवाया हुआ है। महिला ने एसपी को बताया कि उसके साथ दुष्कर्म की घटना के लिए पुलिस ही जिम्मेदार है।
पहली बार अपहरण के मामले में लिपापोती का आरोप
गुरुवार को एसपी कार्यालय में आयोजित जनता दरबार में महिला ने बरौनी अंचल निरीक्षक रजनीश कुमार पर रिश्वत लेकर झूठा सुपरविजन करने का आरोप लगाया। महिला ने बताया कि उसका हत्या की नीयत से अपहरण किया गया था। इस मामले में पुलिस ने उचित कार्रवाई नहीं की। महिला ने कहा कि पुलिस से मिलीभगत के बाद आरोपितों ने उसका दोबारा अपहरण कर दुष्कर्म किया।
वीरपुर थाना में दर्ज कराई गई थी प्राथमिकी
एसपी को दिए आवेदन में पीड़िता ने कहा है कि 26 मई की रात आरोपितों ने घर से अपहरण कर मारपीट की थी। जान मारने की नीयत से उसका अपहरण कर उन्हें बबन पोखर के समीप फेंक दिया था। इस संबंध में वीरपुर थाना में प्राथमिकी कराई गई। पुलिस ने मुख्य आरोपित मनोज कुंवर को 27 जून को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
दोबारा उठाया तो किया दुष्कर्म
महिला ने कहा कि सर्किल इंस्पेक्टर ने इस मामले मेें मोटी रकम रिश्वत लेने के बाद झूठा पर्यवेक्षण किया। पुलिस से मिलीभगत व शह पर अन्य आरोपितों को मनोबल इस कदर बढ़ गया कि उन्होंने पीडि़ता को दोबारा अपहृत कर लिया और दुष्कर्म किया। दुष्कर्म की प्राथमिकी भी वीरपुर थाना मेें कराई गई है। पीड़िता ने एसपी योगेंद्र कुमार से बरौनी इंस्पेक्टर पर कार्रवाई की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
मामले में जांच के बाद होगी कार्रवाई
एसपी ने मामले में जांच के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इधर, महिला द्वारा पुलिस पर लगाए गए आरोपों से संबंधित थाने के अधिकारी इनकार कर रहे हैं। उनका कहना है कि महिला के केस में जांच चल रही है।