विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा में चिलचिलाती गर्मी से मिली राहत, आंधी और बारिश ने बदला मौसम का मिजाज

Published: Wed, 24 Jun 2026 11:30 AM (IST)

मंगलवार को आगरा में दिनभर भीषण गर्मी के बाद शाम को 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और ...और पढ़ें

आगरा में बारिश के बीच से गुजरते लोग। जागरण

आगरा में बारिश के बीच से गुजरते लोग। जागरण

HighLights

  1. मंगलवार को आगरा में 60 किमी/घंटा की आंधी आई।

  2. आंधी के बाद 15 मिनट तक हुई वर्षा से राहत मिली।

  3. बुधवार को भी बूंदाबांदी और गरज के साथ बौछारें संभव।

जागरण संवाददाता, आगरा। शहर में मंगलवार को दिनभर सूरज की तेज किरणों ने शहरवासियों को तपाया। दोपहर में धूप तेज होने से घर से बाहर निकलने पर गर्मी से शहरवासी परेशान नजर आए। धूप में त्वचा झुलस गई। तापमान में वृद्धि देखने को मिली। शाम करीब 4:15 बजे 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी आने से हर तरफ धूल के गुबार छा गए।

आंधी के बाद करीब 15 मिनट तक शहर में वर्षा हुई। इससे कई दिनों से गर्मी से परेशान शहरवासियों को राहत मिली। शाम ढलने के बाद हवा चलते रहने से गर्मी से राहत रही।

मौसम विज्ञान विभाग ने बुधवार को गरज के साथ बौछार पड़ने का पूर्वानुमान जताया। बुधवार की सुबह की शुरुआत बादलों से हुई। बीच-बीच में हल्की बूंदों ने मौसम का मिजाज बदल दिया। सूरज बादलों में छिपा रहा, जिसके चलते उमस और चिलचिलाती भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली।

मंगलवार की शाम को 60 किमी की रफ्तार से आई थी आंधी

इससे पहले शहर में मंगलवार को सुबह से धूप निकली थी। सुबह 10 बजे से ही धूप तेज हो गई और दिन चढ़ने के साथ तापमान भी बढ़ता चला गया। दोपहर 12 बजे के बाद तो धूप असहनीय हो गई। आंशिक बादलों की वजह से उमस अधिक रही। उमस की वजह से पसीना बहता रहा। दोपहर 3:30 बजे के बाद बादल घिर आए। इसके बाद आंधी आई, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। कई जगह होर्डिंग गिर गए। राहगीरों को सुरक्षित स्थान तलाशना पड़ा।

शाम के समय बारिश ने सुहाना किया मौसम

इसके बाद वर्षा शुरू हो गई। युवाओं ने वर्षा में भीगते हुए मौसम का लुत्फ उठाया। अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस रहा। सामान्य से अधिकतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। सोमवार को अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।

यह भी पढ़ें- UP Weather: चार दिन भीषण गर्मी, फिर यूपी में प्री-मानसून की एंट्री से झमाझम बारिश! बांदा देश का सबसे गर्म जिला

प्रदेश के शहरों में तापमान की स्थिति, शहर, अधिकतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)

  • बांदा, 43.8
  • प्रयागराज, 42.8
  • फतेहपुर, 42.6
  • वाराणसी, 42.5
  • हमीरपुर, 42.2
  • झांसी, 42.1
  • कानपुर, अयोध्या, फतेहगढ़ 42.0
  • लखीमपुर खीरी, बहराइच, 41.6
  • आगरा, गाजीपुर, 41.5

मौसम विज्ञानी मो. दानिश ने बताया कि बुधवार को आंशिक बादल छाए रहेंगे। एक या दो बार वर्षा या गरज के साथ बौछार पड़ सकती हैं। तापमान में मामूली गिरावट आएगी।

यह भी पढ़ें- UP Weather: यूपी के 39 जिलों में लू का दौर जारी, 72 घंटे बाद बदलेगा मौसम; प्री-मानसून देगा दस्तक!