खेल विभाग में 110 नए कोचों की होगी भर्ती : खेल मंत्री
पंजाब सरकार खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए काम कर रही है।
जागरण संवाददाता, जालंधर
पंजाब सरकार खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए काम कर रही है। इसके लिए खेल विभाग में 110 नए कोचों की भर्ती की जाएगी। 29 अगस्त को खेल मेला करवाया जा रहा है। मेले की तैयारियों को लेकर हर जिले में बैठकें की जा रही है। जालंधर से खेल मेले का आगाज होगा। ये बातें खेल मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर ने वीरवार को जिला कांप्लेक्स में प्रेसवार्ता के दौरान कहीं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पंजाब की जवानी को बचाना चाहते हैं। युवाओं को खेलों की ओर अग्रसर करना चाहते हैं। इस खेल मेले में सिर्फ ब्लाक स्तर ही नहीं बल्कि राज्य स्तरीय खेलें भी होगी। पुराने खिलाड़ी भी खेलों में हिस्सा ले सकते हैं। वर्ष 2001 में नेशनल गेम्स की पदक तालिका में पंजाब पहले नंबर था। अब पंजाब तालिका में पिछड़ गया है। तालिका के पहले पायदान पर पहुंचने के लिए राज्य में खेलों का स्तर ऊंचा उठाया जाएगा। खेल मेले का हिस्सा बनने के लिए खेल विभाग की वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। खेल पालिसी को रिवाइज किया जा रहा है। खिलाड़ियों की बेहतरी के लिए नई स्कीम लाई जा रही है। इसमें खिलाड़ियों की डाइट भी बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द विग को नए कोच मिलेंगे। इस अवसर पर विधायक बलकार सिंह, रमन अरोड़ा, इंद्रजीत कौर मान, दीपक बाली, डीसी जसप्रीत सिंह व डीसीपी जसकिरणजीत सिंह उपस्थित थे।