Honey Trap: धनंजय मुंडे पर आरोप लगाने वाली महिला ने खुद पर लगे हनीट्रैप के आरोपों को नकारा
Honey Trap धनंजय मुंडे पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला ने कुछ लोगों द्वारा खुद पर लगाए जा रहे ब्लैकमेलिंग के आरोपों का खंडन किया है। तीन लोगों ने अपने बयान में कहा कि उक्त महिला फोन करके उन्हें अपने जाल में फंसाने की कोशिश कर रही थी।
मुंबई, राज्य ब्यूरो। Honey Trap: महाराष्ट्र सरकार में सामाजिक न्याय मंत्री धनंजय मुंडे पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला ने कुछ लोगों द्वारा खुद पर लगाए जा रहे ब्लैकमेलिंग के आरोपों का खंडन किया है। तीन लोगों ने अपने बयान में कहा कि उक्त महिला फोन करके उन्हें अपने जाल में फंसाने की कोशिश कर रही थी। मुंबई के भाजपा नेता कृष्णा हेगड़े, मनसे नेता मनीष धुरी व जेट एयरवेज के एक पूर्व कर्मचारी रिजवान शेख ने उक्त महिला पर हनीट्रैप का आरोप लगाया है। इसका जवाब देते हुए शुक्रवार को महिला ने एक टीवी चैनल को बताया कि रिजवान शेख ने स्वयं उसके साथ विवाह का प्रस्ताव रखा था। बाद में वह स्वयं इस प्रस्ताव से पीछे हट गया था।
तब उसने अपने जीजा धनंजय मुंडे की मदद से ही रिजवान के खिलाफ एफआइआर लिखवाई थी। जबकि अब भाजपा में आ चुके पूर्व कांग्रेस विधायक कृष्णा हेगड़े के आरोपों का जवाब देते हुए महिला का कहना है कि वह उसके वॉट्सएर के एक ब्राडकास्ट ग्रुप में थे, जिस पर वह अपने गाने सभी को भेजा करती थी। कोई व्यक्तिगत मैसेज उसने कभी कृष्णा हेगड़े को नहीं भेजा। उलटे मनसे नेता मनीष धुरी पर महिला ने रोज शराब पीकर फोन करने का आरोप लगाया है। दूसरी ओर, राकांपा नेता शरद पवार का रुख धनंजय मुंडे के प्रति नरम दिखा। शुक्रवार को उन्होने मीडिया से बात करते हुए कहा कि कल मैंने धनंजय मुंडे पर लगे आरोपों को गंभीर बताया था। लेकिन तब कुछ तथ्य सामने नहीं आए थे।
अब पता चल रहा है कि कई और पार्टियों के नेताओं पर उस महिला ने ऐसे ही आरोप लगाए हैं। इसलिए मुंबई पुलिस को पहले अपनी जांच करने देना चाहिए। उसकी जांच में सामने आए निष्कर्ष के बाद ही हम तय करेंगे कि क्या करना है। पवार के अनुसार, उनकी पार्टी ने सुझाव दिया कि इस मामले की जांच टीम में सहायक आयुक्त रैंक की एक महिला अधिकारी होनी चाहिए। पवार के इस बदले रुख से माना जा रहा है कि कम से कम धनंजय की कुर्सी पर तत्काल कोई खतरा नहीं है। दूसरी ओर, राज्य के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने भी कहा है मंत्री हो या संतरी, कानून की निगाह में सब बराबर हैं। इसलिए मामले की जांच कानून के अनुसार ही होगी।
महाविकास अघाड़ी सरकार में राकांपा कोटे के दो मंत्रियों या उनके परिवारों पर आरोप लगने के बाद सरकार की स्थिरता पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि सरकार मजबूत है। इन आरोपों से सरकार की स्थिरता पर कोई फर्म नहीं पड़ने वाला। राकांपा नेता शरद पवार से मिलकर लौटे राउत ने कहा कि विपक्ष का तो काम है इस्तीफे मांगना। इस पैमाने पर तो किसान आंदोलन के कारण रोज प्रधानमंत्री का भी इस्तीफा मांगा जा सकता है। धनंजय मुंडे पर लगे आरोपों पर राउत ने कहा कि महाराष्ट्र में कभी हनीट्रैप की बात नहीं सुनी गई। पिछले एक साल से कीचड़ उछालने की जो राजनीति हो रही है, उससे किसी का व्यक्तिगत नहीं बल्कि महाराष्ट्र का नुकसान हो रहा है।