पायलट की सतर्कता से टली अनहोनी, गडकरी समेत 158 यात्री थे सवार
इंडिगो फ्लाइट 6 ई 636 तकनीकी खामियों के कारण रन वे पर ही रोक दिया गया गौरतलब है कि इस विमान में परिवहन मंत्री नितिन गडकरी भी सवार थे।
नागपुर, प्रेट्र। इंडिगो फ्लाइट के पायलट की सतर्कता से मंगलवार को एक बड़ी अनहोनी टल गई। विमान में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी समेत 158 यात्री सवार थे। विमान के इंजन को स्टार्ट करते ही पायलट की नजर चेतावनी संदेश पर पड़ गई, जिसके बाद विमान को उड़ान से हटा लिया गया।
इंडिगो ने एक बयान में बताया कि पायलट 'क्षणिक चेतावनी संदेश' देखते ही विमान को आवश्यक जांच के लिए तुरंत बे में वापस लेकर चला गया। बे में जांच के दौरान दोबारा यह संदेश सामने आया। इसके बाद विमान को उड़ान से हटा लिया गया और नागपुर में ही उसकी मरम्मत की जा रही है। एयरलाइन ने कहा कि विमान में उड़ान भरते वक्त कोई गड़बड़ी नहीं आई थी।
इंजन को स्टार्ट करते ही चेतावनी संदेश मिलने पर उचित संचालन प्रक्रियाओं का पालन किया गया। फ्लाइट संख्या 6ई-636 को सुबह 7.50 पर उड़ान भरना था और दिल्ली में सुबह 9.35 उसकी लैंडिंग थी। इस विमान के यात्रियों को दोपहर 1.54 बजे दूसरे विमान से दिल्ली भेजा गया। यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि नितिन गडकरी इस विमान में सवार थे या नहीं।
एयरलाइंस के अधिकारी ने इस बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी। उसने इतना कहा कि शायद गडकरी ने दूसरा विमान बुलाया था या किसी दूसरी उड़ान से चले गए। गडकरी के दफ्तर से यह तो बताया गया कि सुबह की फ्लाइट से उन्हें आना था, लेकिन वह दूसरी फ्लाइट से आये या कोई दूसरी फ्लाइट पकड़े इसके बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप