होटल व्यवसायी बीआर शेट्टी की हत्या के प्रयास में छोटा राजन को आठ साल की सजा
Chhota Rajan. होटल व्यवसायी बीआर शेट्टी की हत्या के प्रयास के मामले में मुंबई की एक अदालत ने गैंगस्टर छोटा राजन को आठ साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है।
मुंबई, प्रेट्र। होटल व्यवसायी बीआर शेट्टी की हत्या के प्रयास के मामले में मुंबई की एक अदालत ने गैंगस्टर छोटा राजन और पांच अन्य को आठ साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है।
विशेष अदालत के न्यायाधीश एटी वानखेड़े ने छह को महाराष्ट्र अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) और भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत दोषी ठहराया। अदालत ने प्रत्येक अभियुक्त पर पांच लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया।
बीआर शेट्टी को उपनगरीय अंधेरी में गोली मार दी गई थी, जब वह अक्टूबर 2012 में अपने दोस्त से मिलने जा रहे थे। राजन वर्तमान में दिल्ली में तिहाड़ जेल में बंद है। अक्टूबर 2015 में इंडोनेशिया में गिरफ्तारी और वहां से प्रत्यर्पण के बाद भारत लाए जाने के बाद उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया। राजन के अलावा जिन लोगों को सजा मिली है, वे हैं: नित्यानंद नायक, सेल्विन डैनियल, रोहित थंगप्पन जोसेफ उर्फ सतीश कालिया, दिलीप उपाध्याय और तलविंदर सिंह।
जानें, क्या है मामला
जानकारी के मुताबिक, मुंबई की एक विशेष अदालत ने अक्टूबर, 2012 में होटल व्यवसायी बीआर शेट्टी की हत्या की कोशिश के मामले में छोटा राजन के खिलाफ चल रहे केस में कोर्ट ने यह फैसला सुनाया है। छोटा राजन को आपराधिक षड्यंत्र, हत्या, हत्या के प्रयास व 2012 के बीआर शेट्टी होटलियर शूट आउट मामले में हथियार अधिनियम के तहत दोषी ठहराया गया। इस मामले में मुंबई अपराध शाखा ने आरोप पत्र दायर किया था।
जानें, कौन है छोटा राजन
छोटा राजन का असली नाम राजेंद्र सदाशिव निखलजे है। उसका जन्म 1960 में मुंबई के चेम्बूर की तिलक नगर बस्ती में हुआ था। 10 साल की उम्र में उसने फिल्मों का टिकट ब्लैक करना शुरू कर दिया। इसी बीच, वह राजन नायर गैंग में शामिल हो गया। जुर्म की दुनिया में नायर को 'बड़ा राजन' के नाम से जाना जाता था। वह नायर का दाहिना था, इसलिए लोग इसे 'छोटा राजन' कहने लगे।
दर्ज हैं कई केस
छोटा राजन पर कई आपराधिक केस दर्ज है। राजन नायर गैंग में रहते हुए उसके खिलाफ पहले से अवैध वसूली, धमकी, मारपीट व हत्या की कोशिश के मामले दर्ज थे। दाऊद के साथ आने के बाद उसका क्राइम ग्राफ बढ़ गया। उसके खिलाफ कई लोगों की हत्या के केस भी दर्ज हैं।