VIDEO: पुणे के 5 स्टार होटल की सब्जी में निकला कीड़ा, खाने की क्वालिटी पर उठ रहे सवाल
पुणे के पांच सितारा होटल हयात रीजेंसी में ग्राहक की सब्जी में कीड़ा मिलने से हड़कंप मच गया। इस घटना ...और पढ़ें
HighLights
पुणे के हयात रीजेंसी होटल की सब्जी में मिला कीड़ा।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल, बढ़ा आक्रोश।
प्रीमियम होटलों की स्वच्छता और खाद्य गुणवत्ता पर उठे सवाल।
डिजिटल डेस्क, पुणे। महाराष्ट्र भर में फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) की तरफ से जारी कार्रवाई के बीच अब पुणे से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां जाने-माने पांच सितारा होटल 'हयात रीजेंसी' होटल में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक ग्राहक की खाने की प्लेट में परोसी गई सब्जी में कथित तौर पर कीड़ा निकला।
इस घटना के बाद से प्रीमियम होटलों में मिलने वाले महंगे खान-पान और वहां की हाइजीन (स्वच्छता) व्यवस्था पर बहुत बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है और लोगों में इसके लिए आक्रोश भी देखने को मिल रहा है।
सब्जी से निकला रेंगता हुआ कीड़ा
वायरल वीडियो में बताया गया है कि, जब एक ग्राहक होटल के रेस्टोरेंट में खाना खा रहा था। उसी दौरान जब उसने परोसी गई सब्जी की डिश पर नजर डाली, तो उसे उसमें एक कीड़ा रेंगता हुआ दिखाई दिया। इस गंभीर लापरवाही को देखकर ग्राहक दंग रह गया।
ग्राहक ने तुरंत बिना किसी देरी के होटल के प्रशासनिक अधिकारियों और मैनेजमेंट को इस बात की जानकारी दी। इस घटना से रेस्टोरेंट में मौजूद अन्य ग्राहक भी हैरान और चिंतित नजर आए।
ग्राहक ने लिखित रूप से दर्ज कराई शिकायत
भारी-भरकम दाम वसूलने वाले पांच सितारा होटल के इस रवैये से नाराज होकर ग्राहक ने अपनी शिकायत होटल के आधिकारिक शिकायत रजिस्टर में लिखित रूप से दर्ज कराई और होटल प्रबंधन से इस बड़ी चूक पर स्पष्टीकरण मांगा है।
होटल मैनेजमेंट की तरफ से चुप्पी
बता दें कि इस गंभीर घटना के बाद से शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म है, लेकिन हैरान करने वाली बात यह है कि हयात रीजेंसी के प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई भी आधिकारिक बयान या सफाई सामने नहीं आई है।
सोशल मीडिया पर लोगों में आक्रोश का माहौल
इस घटना के सामने आने के बाद से सोशल मीडिया पर आम जनता और ग्राहकों में भारी रोष देखने को मिल रहा है। लोगों का कहना है कि अगर पांच सितारा होटलों में इस तरह की लापरवाही होने लगेगी, तो आम आदमी की सेहत की सुरक्षा कैसे होगी?
इतना ही नहीं लोगों और खाद्य सुरक्षा प्रेमियों ने मांग की है कि ऐसे बड़े और प्रतिष्ठित संस्थानों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि ग्राहकों की सेहत के साथ भविष्य में ऐसा खिलवाड़ न हो।
