परिजनों से अपनी जान बचाने के लिए मुंबई हाईकोर्ट पहुंचीं युवती
प्रियंका ने याचिका दायर कर कहा है कि उसके परिवार ने उसे और उसके प्रेमी को जान से मारने की धमकी दी है।
नई दिल्ली, एएनआई। पुणे की रहने वाली प्रियंका शेटे ने अपने परिजनों के खिलाफ मुंबई उच्च न्यायालय में गुहार लगाई है। उसने अपने प्रेमी और अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस सुरक्षा की मांग की है। दरअसल प्रियंका एक सवर्ण परिवार से ताल्लुक रखती है जबकि उसका प्रेमी छोटी जाति से ताल्लुक रखता है। जिस वजह से प्रियंका के घरवाले उनके रिश्ते से खुश नहीं हैं।
प्रियंका शेटे ने 7 मई को दायर की गई अपनी याचिका में कहा है कि उसे और उसके प्रेमी को जान से मारने की धमकी दी गई है। वह इसमें पहले ही अपने घर के तीन सदस्यों के खिलाफ आईपीसी की धारा 344,352,323,506,507 के अंतर्गत अपनी प्राथमिकी दर्ज करा चुकी है।
प्रियंका ने मुंबई हाई कोर्ट में याचिका दायर करते हुए कहा है कि उसके परिजनों ने माथे पर बंदूक लगाकर जान से मारने की धमकी दी थी। प्रियंका सवर्ण मराठा समाज से आती है और विराज मातंग यानी मागास समाज का है। प्रियंका के घरवालों ने दोनों के प्रेम पर कड़ा विरोध जताया है। प्रियंका का कहना है कि पुलिस से भी उसे इस मामले में सहायता नहीं मिल रही है, इसलिए उसने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उसने कोर्ट जाकर अपने घरवालों खासकर अपने चाचा से जान को खतरा होने की अर्जी देकर सुरक्षा की मांग की है।
प्रियंका के वकील नितिन सातपुते का कहना है कि वह मुंबई के घाटकोपर स्थित पंतनगर पुलीस स्टेशन में जाकर सुरक्षा की मांग करते रहे लेकिन उसकी कोई भी शिकायत नहीं ली गई।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप