भाजपा प्रत्याशी रहे कांबोज की संपत्ति जब्त
पिछले साल अक्टूबर में हुए महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपा के सबसे धनी प्रत्याशी रहे मोहित कांबोज की एक संपत्ति 68 करोड़ रुपये चुकता नहीं करने पर जब्त कर ली गई। हालांकि उन्होंने खुद को महज गारंटर बताया है। बैंक ऑफ इंडिया की ओर से जब्त की गई संपत्ति गोवा
वरुण सिंह (मिड-डे), मुंबई। पिछले साल अक्टूबर में हुए महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपा के सबसे धनी प्रत्याशी रहे मोहित कांबोज की एक संपत्ति 68 करोड़ रुपये चुकता नहीं करने पर जब्त कर ली गई। हालांकि उन्होंने खुद को महज गारंटर बताया है। बैंक ऑफ इंडिया की ओर से जब्त की गई संपत्ति गोवा के बर्देज स्थित अंजुना गांव में है। इस समय कांबोज भाजपा के उत्तर भारतीय मोर्चा के अध्यक्ष हैं।
दक्षिण मुंबई स्थित मुंबई मिड कारपोरेट ब्रांच ने कांबोज और अव्यान प्रापर्टी प्राइवेट लिमिटेड और अव्यान ओवरसीज प्राइवेट लिमिटेड व जितेंद्र कपूर नाम के एक अन्य व्यक्ति को नोटिस जारी किया है। बैंक ने अव्यान प्रापर्टी प्राइवेट लिमिटेड से जुड़ी संपत्ति जब्त की है। पांच अगस्त को जारी नोटिस के अनुसार, उधारकर्ताओं और गारंटर को 25 अप्रैल को नोटिस जारी किया गया था लेकिन लोन नहीं चुकाने पर बैंक की ओर से संपत्ति जब्त की गई है।
इस मसले पर कांबोज ने कहा, 'यह मेरा निजी लोन नहीं था। इसे एक कंपनी ने होटल बनाने के लिए लिया था जिसमें मैं न तो डायरेक्टर हूं और न ही प्रमोटर। मैं लोन के लिए महज गारंटर था।' उन्होंने यह भी दावा किया कि कंपनी का नाम उनके बेटे अव्यान के नाम पर नहीं है। उल्लेखनीय है कि खबरों में दावा किया गया था कि 2014 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने अपनी संपत्ति 350 करोड़ रुपये की दिखाई थी।