नागपुर में नाबालिग से दुष्कर्म, आरोपी दो भाई गिरफ्तार
नागपुर से एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का मामला सामने आया है पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है दोनों आरोपी भाई हैं।
नागपुर, प्रेट्र। महाराष्ट्र के नागपुर से दुष्कर्म का एक मामला सामने आया है यहां 14 वर्षीय नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के आरोप में दो भाईयों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस के अनुसार आकाश कारेमोर (27) पिछले महीने लड़की को शादी का झांसा देकर गंगापुर टकलघाट गांव ले गया था जहां उसने लड़की का दुष्कर्म किया।
एमआइडीसी बूटीबोरी पुलिस थाने के अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद आरोपी का भाई शुभम संजय कारेमोर (21) भी गांव पहुंच गया जहां उसने भी कथित तौर पर नाबालिग का दुष्कर्म किया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दोनों आरोपियों ने लड़की को गांव में अपने मामा के घर यह कहकर रखा था कि ये लड़की अनाथ है। लड़की के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने उसे ढूंढना शुरु कर दिया। लड़की उन्हें गंगापुर टकलघाट गांव में मिली। आरोपी भंडारा जिले के लखनी गांव में एक रिश्तेदार के पास रहता था, जहां वह पढ़ रहा था। अधिकारी ने कहा कि दीवाली की छुट्टियों के दौरान, लड़की ने अपनी मां के पास तेंभरी गांव का दौरा किया जहां वह आकाश करीमोर के संपर्क में आई और दोनों को बीच रिश्ते बन गए। बता दें कि लड़की के माता-पिता में तलाक हो चुका है और उसकी मां यहां तेंभरी गांव में रहकर मजदूरी करती है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और पोक्सो अधिनियम की संबद्ध धाराओं के तहत मामला दर्ज कर दिया है।
गौरतलब है कि देश में लड़कियों के साथ दुष्कर्म की घटनाएं थमने का नाम ही नही ले रही है, सोमवार को नागपुर में ही एक नाबालिग बच्ची के यौन उत्पीडऩ के बाद हत्या की खबर आयी थी। पांच साल की इस मासूम बच्ची को 32 साल के शख्स ने अपनी हवस का शिकार बनाया था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और घटना की जांच की जा रही है। बच्ची की हत्या के विरोध में लोग प्रदर्शन कर रहे हैं।