अतिक्रमण हटाने आए बुलडोजर पर किया पथराव
अतिक्रमण हटाने आए बुलडोजर पर पथराव किया गया। चालक घायल हो गया। विरोधियों को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग करते हुए लाठियां भी फटकारनी पड़ीं।
नागपुर। अतिक्रमण हटाने आए बुलडोजर पर पथराव किया गया। चालक घायल हो गया। विरोधियों को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग करते हुए लाठियां भी फटकारनी पड़ीं। शनिवार को गांधीसागर क्षेत्र के शनिचरा बाजार में यह सब हुआ। चार लोगों को पुलिस ने हिरासत में भी लिया है।
एम्प्रेसस माल से नाति चौक तक शनिवार को पुरानी वस्तुओं का बाजार लगता है। पहले यह बाजार नाका क्रमांक 13 से गांधीसागर तालाब के काने तक लगता था। बाद में विस्तार होते रहा। शिक्षक सहकारी बैंक तक बाजार लगने लगा। विदर्भ प्रीमियर, रजवाड़ा सभागृह, शिक्षक सहकारी बैंक सभागृह, एम्प्रेसस माल के कामकाज में परेशानी होने लगी। सड़क पर बाजार के विरोध में शिकायत भी बढ़ने लगी। शनिवार को मनपा प्रवर्तन विभाग के सहायक आयुक्त अशोक पाटील के नेतृत्व में सुबह 10 बजे पथक कार्रवाई के लिए पहुंचा। नाति चौक से कार्रवाई आरंभ हुई। रजवाड़ा सभागृह के पास विरोध होने लगा। हंगामा हुआ। कुछ विरोधियों ने बुलडोजर व ट्रक के चालक पर हमला कर दिया। दोपहर डेढ़ बजे यह घटना हुई।
पथराव में एक कामगार घायल हुआ।
पुलिस ने सौम्य लाठीचार्ज किया। तीन लोगों को हिरासत में लिया गया। तनावपूर्ण स्थिति बनी। मनपा स्थायी समिति के सभापति बंडू राऊत घटनास्थल पर पहुंचे थे। कार्रवाई पथक ने आठ ट्रक पुराने कपड़ों के गठ्ठे जब्त किए। फुटपाथ पर 3 हाथठेले तोड़े। 4 हाथठेले जब्त किए। दांतोली जोन के अभियंता कोल्हे, सांबा रे, भांडारकर, काथोटे, बिसने, प्रवर्तन विभाग के संजय व अन्य कर्मचारी दस्ते में शामिल थे।