मई के पहले ही दिन पारे ने तोड़ा रिकार्ड, 45 डिग्री के साथ साल का सबसे गर्म दिन
मई की शुरुआत ही सत्र के सबसे गर्म दिन के रूप में हुई। तापमान 45 डिग्री की सीमा लांघ गया। सूर्यदेव आग उगलते रहे और सुबह से ही तीखी धूप के साथ मेघ भी छाए रहे। इससे तीखी धूप और उमस से शहरवासी बेजार नजर आए।
नागपुर। मई की शुरुआत ही सत्र के सबसे गर्म दिन के रूप में हुई। तापमान 45 डिग्री की सीमा लांघ गया। शहर में रविवार 1 मई को अधिकतम तापमान 45.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री ऊपर रहा। शहर में विदर्भ और महाराष्ट्र की गरमी दिन भर छाई रही। सूर्यदेव आग उगलते रहे और सुबह से ही तीखी धूप के साथ मेघ भी छाए रहे। इससे तीखी धूप और उमस से शहरवासी बेजार नजर आए।
असर ज्यादा महसूस
पूरा विदर्भ लू की चपेट में बना रहा। पूरे दिन सूर्य की तीखी किरणें लोगों को परेशान किए रही।पिछले करीब 15 दिन से तापमान औसत से ऊपर ही बना हुआ है।
इससे गर्मी की तीक्ष्णता उच्चतम स्तर पर बनी हुई है और गरमी का असर असहनीय हो रहा है। मई की शुरुआत ही सत्र के सबसे गर्म दिन के रूप में हुई है।
अप्रैल मे 21 व 30 तारीख को पारा 45 डिग्री तक पहुंचा था और रविवार को यह मर्यादा भी टूट गई।
छींटे पड़ने की संभावना
रविवार छुट्टी के बाद भी लोग बाहर नजर नहीं आए। हालात यह थे कि न कूलर में चैन मिल रहा था और न एयरकंडीशनर में। मौसम जानकारों के अनुसार इस साल मई पुरजोर तपेगा। रविवार को अधिकतम तापमान 45.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3 डिग्री ऊपर था।
न्यूनतम तापमान सामान्य पर 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता अधिकतम 50 तथा न्यूनतम 21 प्रतिशत रिकार्ड हुई। मौसम विभाग का अनुमान है कि फिलहाल लू का असर बना रहेगा। सोमवार को तापमान 44-45 डिग्री के मध्य बना रहेगा।
मंगलवार को नमी के आने की संभवना है। इससे तापमान में एक-आध डिग्री की गिरावट दर्ज होने के आसार हैं। दोपहर बाद अंधड़ के साथ छींटे पड़ने की भी संभावना है। इससे गरमी तो शांत नहीं होगी, लेकिन उमस की परेशानी बढ़ सकती है।