Move to Jagran APP

संघ मुख्यालय पहुंचे सीएम मंत्रिमंडल विस्तार के आसार

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रावसाहब दानवे रविवार को महल स्थित संघ मुख्यालय पहुंचे। दोनों नेताओं ने संघ के सरकार्यवाह भैयाजी जोशी से करीब सवा दो घंटे चर्चा की।

By Bhupendra SinghEdited By: Published: Mon, 09 May 2016 06:02 AM (IST)Updated: Mon, 09 May 2016 06:07 AM (IST)
संघ मुख्यालय पहुंचे सीएम मंत्रिमंडल विस्तार के आसार

नागपुरमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रावसाहब दानवे रविवार को महल स्थित संघ मुख्यालय पहुंचे। दोनों नेताओं ने संघ के सरकार्यवाह भैयाजी जोशी से करीब सवा दो घंटे चर्चा की। बंद द्वार चर्चा के बारे में कुछ भी नहीं बताया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि राज्य के राजनीतिक विषयों को लेकर यह मुलाकात काफी महत्वपूर्ण है। मंत्रिमंडल विस्तार के आसार हैं।

loksabha election banner

साथ ही जल व पर्यावरण के मामले में राज्य सरकार के कार्यों में स्वयंसेवियों की सहभागिता पर भी महत्वपूर्ण चर्चा हुई। काफी दिनों से मंत्रिमंडल विस्तार व महामंडल अध्यक्षों के चयन का मामला लंबित है। रविवार को रावसाहब दानवे पारिवारिक कार्यों से यहां आए थे। शाम 5 बजे वे धंतोली स्थित भाजपा के विदर्भ विभागीय कार्यालय पहुंचे।

कार्यालय के एक पदाधिकारी के साथ शाम 6.30 बजे वे संघ मुख्यालय पहुंचे। शाम 6 बजे मुख्यमंत्री फडणवीस भी शहर में आए। सरकारी आवास रामगिरी से शाम 7 बजे वे संघ मुख्यालय पहुंचे। सवा दो घंटे तक सरकार्यवाह भैयाजी जोशी से चर्चा के बाद फडणवीस व दानवे सवा नौ बजे मुख्यालय से बाहर आए। संवाद माध्यम के प्रतिनिधियों ने उनसे चर्चा का प्रयास किया। लेकिन वे सीधे विमानतल के लिए रवाना हो गए।

मंत्रिमंडल विस्तार का मामला लंबे समय से लंबित है। विशेषकर महायुति में शामिल अन्य दलों के प्रतिनिधित्व का विषय है। विधानमंडल के शीतसत्र के समय यह विषय चर्चा में था। फडणवीस व दानवे ने साफ संकेत दिए थे कि अधिवेशन के पहले ही मंत्रिमंडल विस्तार हो जाएगा। लेकिन निर्णय नहीं लिया जा सका।

इस मामले को लेकर सरकार व संगठन में तालमेल के अभाव की चर्चाएं भी होती रही हैं। शनिवार को मुख्यमंत्री फडणवीस दिल्ली में थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ महाराष्ट्र में सूखे की स्थिति पर चर्चा हुई थी। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री से मुख्यमंत्री की राजनीतिक विषयों पर भी चर्चा हुई। अब संघ के पदाधिकारियों से भी सुझाव लिए जा रहे हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.