दिल्ली से नागपुर के बीच बुलेट ट्रेन दौड़ाने के लिए होगा अध्ययन
जल्द ही नागपुर में बुलेट ट्रेन के दर्शन हो सकते हैं। रेल मंत्रालय देश में दूसरी बुलेट ट्रेन दौड़ाने की संभावनाओं पर अध्ययन करने की तैयारी में जुट गया है। यह दूसरी बुलेट ट्रेन दिल्ली-चेन्नई कॉरीडोर के रुप में दिल्ली से नागपुर के बीच चलाने पर मंथन चल रहा है।
नागपुर। जल्द ही नागपुर में बुलेट ट्रेन के दर्शन हो सकते हैं। रेल मंत्रालय देश में दूसरी बुलेट ट्रेन दौड़ाने की संभावनाओं पर अध्ययन करने की तैयारी में जुट गया है। यह दूसरी बुलेट ट्रेन दिल्ली-चेन्नई कॉरीडोर के भाग के रुप में दिल्ली से नागपुर के बीच चलाने पर मंथन चल रहा है।
मंत्रालय ने इसकी व्यवहार्यता के लिए अध्ययन करने का भी फैसला ले लिया है। हमारे नई दिल्ली ब्यूरो के अनुसार, इस कॉरीडोर के लिए चीन और भारत सरकार के बीच बातचीत चल रही है। दोनों देशों के सरकारों के स्तर पर सहयोग के तहत दिल्ली से नागपुर के बीच एक व्यवहार्यता करने का फैसला लिया गया है। केंद्रीय रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने लोकसभा में एक सवाल के लिखित जवाब में यह जानकारी दी है।
उल्लेखनीय है कि देश की पहली बुलेट ट्रेन मुंबई-अहमदाबाद के बीच दौड़ेगी। सरकार ने इस उच्च गति गलियारे के लिए एक संयुक्त व्यवहार्यता अध्ययन जुलाई, 2015 में ही पूरा कर लिया है। गौरतलब है कि पिछले सप्ताह लोकसभा में चर्चा के दौरान रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने देश के ताजा हालात के मद्देनजर बुलेट ट्रेन के ज्यादा खर्चीला होने की आलोचना को यह कहते हुए खारिज कर दिया था कि सरकार ने महज 0.1 प्रतिशत के ब्याज दर पर जापान से कर्ज की व्यवस्था की है।
सरकार गंभीर
उन्होंने इस बात पर हैरानी जताई कि बुलेट ट्रेन चलाने के खिलाफ जान-बूझकर गलत सूचनाएं फैलाने का अभियान चलाया जा रहा है। उनके मुताबिक बुलेट ट्रेन के लिए इस्तेमाल में होने वाली तकनीक से साधारण ट्रेनों की सेवाओं और सिग्नलिंग सिस्टम के इंटिग्रेशन में भी सुधार होगा। लिहाजा उनके इस बयान के बाद ऐसा माना जा सकता है कि सरकार देश में मुंबई-अहमदाबाद के बाद अन्य मार्गों पर भी बुलेट ट्रेन चलाने पर गंभीर है।