विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुंबई में 18 दिसंबर से सजेगा 'वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस 2026' का मंच, मोहन भागवत करेंगे उद्घाटन; 60 से अधिक देशों के प्रतिनिधि होंगे शामिल

Published: Thu, 08 Oct 2026 09:28 PM (GMT+05:30)

मुंबई में 18 से 20 दिसंबर तक वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस 2026 का आयोजन होगा, जिसका उद्घाटन सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत करेंगे।

मुंबई में होगा वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस 2026 का भव्य आयोजन

मुंबई में होगा वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस 2026 का भव्य आयोजन

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, मुंबई। दुनिया भर के हिंदू नेतृत्व, विचारकों और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों का वैश्विक समागम वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस (डब्ल्यूएचसी) 2026 इस बार मुंबई में होगा। तीन दिवसीय सम्मेलन का आयोजन 18 से 20 दिसंबर तक बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में किया जाएगा।

सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत संबोधित करेंगे।

आयोजकों के अनुसार, सम्मेलन में 60 से अधिक देशों के चार हजार से ज्यादा प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। इसमें हिंदू नेता, विचारक, उद्यमी, शिक्षाविद, मीडिया प्रतिनिधि और विभिन्न क्षेत्रों के पेशेवर एक मंच पर जुटेंगे। तीन दिनों में 45 से अधिक सत्र होंगे और 150 से अधिक वक्ता अपने विचार रखेंगे।

वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस के प्रवर्तक स्वामी विज्ञानानंद ने कहा कि दुनिया भर में हिंदू समाज की उपस्थिति और स्वीकार्यता बढ़ी है, लेकिन इसे आगे ले जाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। सम्मेलन अर्थव्यवस्था, शिक्षा, अकादमिक जगत, मीडिया और राजनीति जैसे क्षेत्रों में हिंदू समाज की भूमिका को मजबूत करने पर केंद्रित होगा।

सम्मेलन में भाषा, समाज, विश्वकर्मा और धर्म विषयों पर विशेष प्लेनरी सत्र होंगे। धर्म सत्र में हिंदू, बौद्ध, ताओ और शिंटो जैसी विविध धार्मिक एवं दार्शनिक परंपराओं के प्रतिनिधि संवाद करेंगे। भाषा सत्र में भाषाई विरासत और सांस्कृतिक पहचान, जबकि समाज सत्र में सामाजिक समरसता व सामुदायिक विकास पर चर्चा होगी। विश्वकर्मा सत्र में कौशल, कारीगरों, उद्यमिता और नवाचार पर मंथन होगा।

इस वर्ष की थीम “समानं व्रतं सह चित्तम्—साझा प्रतिबद्धता, सामूहिक संकल्प” रखी गई है।

सम्मेलन के साथ पहली बार वर्ल्ड हिंदू एक्सपो भी आयोजित होगा, जिसका उद्देश्य व्यापार-वाणिज्य और आर्थिक विकास को बढ़ावा देना है। वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस इससे पहले 2014 में नई दिल्ली, 2018 में शिकागो और 2023 में बैंकॉक में आयोजित हो चुका है।