सांवलेपन पर तानों से तंग बहू ने खाने में मिलाया जहर, 4 बच्चों सहित 5 की मौत
सांवले रंग और उसके बनाए भोजन को लेकर पूरा परिवार लगातार ताने देता रहता था। इससे तंग आकर उसने पति सहित परिवार के अन्य लोगों को खत्म करने का फैसला किया।
राज्य ब्यूरो, मुंबई। अपने सांवलेपन पर परिवार के तानों से तंग आकर एक बहू ने पारिवारिक समारोह के दौरान खाने में जहर मिला दिया। इस घटना में चार बच्चों सहित पांच व्यक्तियों की मौत हो गई, जबकि 88 को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है।
घटना मुंबई से 70 किलोमीटर दूर खालापुर कस्बे की है। सोमवार को 23 वर्षीया प्रज्ञा सुर्वेसे ने अपनी सास की बहन के यहां गृहप्रवेश समारोह में दाल में जहर मिला दिया। पुलिस जांच के दौरान प्रज्ञा ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। शुक्रवार को गिरफ्तारी के बाद उसने पुलिस को बताया कि दो साल पहले उसका विवाह हुआ था। उसके बाद से ही सांवले रंग और उसके बनाए भोजन को लेकर पूरा परिवार लगातार ताने देता रहता था। इससे तंग आकर उसने पति सहित परिवार के अन्य लोगों को खत्म करने का फैसला किया।
प्रज्ञा ने बताया कि यह उसका दूसरा विवाह है। एक महिला रिश्तेदार उल्का शिंदे द्वारा भड़काने के कारण पहले पति से उसका विवाह टूट गया था। उल्का शिंदे उसके चरित्र पर टिप्पणियां कर उसकी नई सास को भी भड़काया करती थी। सोमवार को करीब 4.30 बजे भोज के दौरान जब उल्का शिंदे, मेजबान सरिता माने एवं प्रज्ञा की ननद ज्योति कदम भोजन करने बैठीं, तभी उसने दाल की बाल्टी में जहर मिला दिया। भोजन करने के कुछ ही देर बाद लोगों को उल्टी, जी मिचलाने और पेट दर्द की तकलीफ शुरू हो गई। मारे गए चार बच्चों में उल्का शिंदे का बेटा ऋषिकेश भी शामिल है।