Accident in Maharashtra: नंदुरबार में 150 फुट गहरी खाई में गिरा वाहन, पांच की मौत; सात घायल
Accident in Nandurbar Maharashtra नंदुरबार जिले में शनिवार सुबह करीब 10.30 बजे एक वाहन 150 गहरी खाई में गिर गया जिससे वाहन सवार पांच लोगों की मौत हो गई और सात लोग घायल हो गए। ये सभी लोग नंदुरबार के झप्पी फलाई गांव के रहने वाले हैं।
मुंबई, पीटीआइ। महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले में एक वाहन के 150 गहरी खाई में गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई और सात अन्य बुरी तरह घायल हो गए। पुलिस अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना शनिवार सुबह करीब 10.30 बजे तोरणम हिल स्टेशन से लगभग 10 किलोमीटर दूर स्थित खाकी घाट के पहाड़ी इलाके में हुई।
सभी पीड़ित नंदुरबार के झप्पी फलाई गांव के रहने वाले हैं। ये लोग दैनिक जरूरतों की चीजें खरीदने के लिए वाहन से तोरणमल की यात्रा कर रहे थे। अधिकारी ने बताया कि " चालक का वाहन से नियंत्रण खो जाने के कारण वाहन 150 फीट गहरी खाई में गिर गया।" नंदुरबार के पुलिस अधीक्षक महेंद्र पंडित ने बताया कि इस हादसे में पांच व्यक्तियों की मौत हो गई है और सात अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।" घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और घायलों को अस्पताल भेज दिया गया है।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र के नंदुरबार 21 अक्टूबर 2020 को भी खामचौंदर गांव के पास एक बस 40 फीट गहरी खाई में गिर गई थी जिससे पांच लोगों की मौत हो गई थी और 35 अन्य लोग बुरी तरह घायल हो गए थे। बस में कुल 40 लोग सवार थे। हादसे का शिकार हुई ये बस मलकापुर (बुलढाणा) से सूरत की ओर जा रही थी। कोदईबारी घाट पहुंचने के बाद बस नियंत्रण से बाहर हो गई। बता दें कि बस के अनियंत्रित होने के कारण बस चालक, क्लीनर और अन्य तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई थी।