विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिर्फ डिग्री नहीं, करियर बनाने पर फोकस; 49% भारतीय छात्र नौकरी के लिए जा रहे विदेश

Published: Thu, 10 Sep 2026 12:04 AM (IST)

भारतीय छात्र अब विदेश में पढ़ाई के लिए बेहतर रोजगार के अवसरों को प्राथमिकता दे रहे हैं, जिसमें लगभग आधे छात्र इसे मुख्य कारण बताते हैं।

बेहतर रोजगार के अवसर विदेश में पढ़ाई का मुख्य कारण

बेहतर रोजगार के अवसर विदेश में पढ़ाई का मुख्य कारण

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, मुंबई। देश के छात्र अब विदेश में पढ़ाई के फैसले को लेकर अधिक नतीजों पर ध्यान दे रहे हैं। करीब आधे छात्र विदेश में पढ़ाई करने का मुख्य कारण बेहतर रोजगार के अवसर बता रहे हैं।

कौशल विकास और कार्यबल विकास कंपनी 'अपग्रेड' की बुधवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार, करीब 49 प्रतिशत भारतीय छात्र-छात्राओं ने विदेश में पढ़ाई करने की प्रमुख वजह बेहतर नौकरी के अवसरों को बताया। इसके अलावा, अन्य कारण शिक्षा की गुणवत्ता, स्थायी रूप से वहीं बसने की इच्छा और जीवनशैली है।

छात्र अब पढ़ाई पर होने वाले खर्च के लाभ को महत्व दे रहे

रिपोर्ट में कहा गया है कि भारतीय छात्र अब केवल प्रतिष्ठित संस्थानों के नाम पर पढ़ाई के लिए विदेश नहीं जा रहे हैं। वे पढ़ाई पर होने वाले खर्च के मुकाबले मिलने वाले लाभ, रोजगार के अवसर और लंबे समय में करियर की संभावनाओं को अधिक महत्व दे रहे हैं।

अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा और आस्ट्रेलिया जैसे पारंपरिक शिक्षा केंद्रों का महत्व बरकरार है, लेकिन यूरोपीय देशों के प्रति छात्रों की रुचि बढ़ रही है।

कठोर आव्रजन नियमों और बढ़ती लागत के बीच छात्र अब जर्मनी, फिनलैंड, स्पेन और फ्रांस जैसे देशों का रुख कर रहे हैं। इन देशों को कम खर्च, उद्योग की जरूरतों से जुड़ी पढ़ाई और रोजगार के बेहतर अवसरों के कारण पसंद किया जा रहा है।

जर्मनी, फ्रांस जैसे यूरोपीय देश कम खर्च में पढ़ाई के लिए लोकप्रिय

'अपग्रेड' की यह रिपोर्ट जनवरी, 2025 से जून, 2026 के बीच सलाह लेने वाले 53,800 छात्रों से मिली जानकारी पर आधारित है। इनमें 65.8 प्रतिशत नए स्नातक थे। 40 प्रतिशत छात्र बड़े शहरों के, जबकि करीब 60 प्रतिशत छात्र मझोले और छोटे शहरों के थे।

रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि विदेश में पढ़ाई के लिए कम खर्च और अधिक लाभ वाले विकल्पों पर ध्यान दिया जा रहा है। करीब 10 में से सात छात्र 30 लाख रुपये से कम के बजट में विदेश में पढ़ाई करने की योजना बना रहे हैं।

(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)