ब्रिटेन की नेशनल एयर ट्रैफिक सर्विसेज में आई खराबी, एअर इंडिया की मुंबई-लंदन फ्लाइट ज्यूरिख में उतरी
ब्रिटेन की नेशनल एयर ट्रैफिक सर्विसेज में खराबी के कारण दुनिया भर में उड़ानें प्रभावित हुईं। मुंबई से लंदन जा ...और पढ़ें

मुंबई-लंदन एअर इंडिया फ्लाइट ज्यूरिख में उतारी गई (फाइल फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, मुंबई। दुनिया भर में बुधवार को भारतीय सहित अन्य लोग अलग-अलग शहरों के एयरपोर्ट पर 18 घंटे से अधिक समय तक फंसे रहे। ऐसा ब्रिटेन की नेशनल एयर ट्रैफिक सर्विसेज में आई खराबी (आउटेज) की वजह से हुआ।
इस खराबी से मंगलवार को 500 से अधिक और बुधवार को अकेले लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट पर ही लगभग 258 उड़ानें प्रभावित हुईं, जबकि देश के दूसरे एयरपोर्ट पर भी कई उड़ानें प्रभावित हुईं। जैसे-जैसे कामकाज धीमा हुआ, लंदन जा रहे कई भारतीयों ने इंटरनेट मीडिया पर एयरपोर्ट पर घंटों फंसे रहने को लेकर अपनी निराशा जाहिर की।
ब्रिटेन की नेशनल एयर ट्रैफिक सर्विसेज में आई खराबी
मुंबई से लंदन जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट एआइ 131 का रास्ता बदलकर उसे ज्यूरिख में उतारा गया, क्योंकि लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल से जुड़ी समस्या आ गई थी। इस पर 290 से अधिक यात्री सवार थे।
यात्रा कर रहे मुंबई के रहने वाले एक शख्स ने बताया, 'हम मंगलवार रात 11 बजे से बुधवार शाम 5:45 बजे तक ज्यूरिख एयरपोर्ट पर ही थे, यानी लगभग 16 घंटे 45 मिनट तक। और हमें कुछ देर पहले ही मैसेज मिला है कि हमारी फ्लाइट बुधवार शाम 5:45 बजे ज्यूरिख से लंदन के लिए रवाना होगी।'
यात्री 18 घंटे से अधिक समय तक एयरपोर्ट पर फंसे
जब उनसे पूछा गया कि फ्लाइट का रास्ता बदलने और देरी होने के बाद क्या एअर इंडिया ने उनकी जरूरतों का ध्यान रखा, तो उन्होंने कहा, 'मंगलवार रात हमें कुछ स्नैक्स और पानी दिया गया था, साथ ही रात बिताने के लिए बेडरोल भी दिए गए थे।
उस शख्स के साथ ही, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल के छह सदस्य भी ज्यूरिख में फंस गए थे। इस वजह से वे उन दो कार्यक्रमों में शामिल नहीं हो पाए, जिनमें उन्हें उपमुख्यमंत्री के साथ हिस्सा लेना था।
लंदन हीथ्रो एयरपोर्ट के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर बुधवार को ताजा अपडेट में कहा गया, 'कल आई तकनीकी खराबी के बाद, आज उड़ानें चल रही हैं, लेकिन कुछ रुकावटें बनी रह सकती हैं क्योंकि एयरलाइंस अपने विमानों और क्रू को फिर से व्यवस्थित कर रही हैं। कृपया एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी एयरलाइन से अपनी उड़ान की स्थिति की जांच करें।
