ठाणे से रवि पुजारी गैंग के दो शूटर गिरफ्तार
गैंगस्टर रवि पुजारी गैंग के दो शूटरों को पुलिस ने मुंबई से सटे ठाणे से गिरफ्तार किया है।
मुंबई, प्रेट्र। पुलिस को मुंबई से सटे ठाणे से गैंगस्टर रवि पुजारी गैंग के दो शूटरों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। पुलिस की एंटी एक्सटार्शन सेल (एईसी) ने शनिवार को बताया कि नितिन गोपाल राय (42), दिनेश नारायण राय (51) को शुक्रवार शाम पाटलिपाडा में गोधबुंधर रोड से गिरफ्तार किया गया है।
दोनों 10 करोड़ की फिरौती के लिए एक रीयल एस्टेट डेवलपर को धमकाने उसके कार्यालय गए थे। उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। दिनेश नारायण राय पूर्व में फजलुर रहमान गैंग का सदस्य था। फिरौती के ही एक मामले में सूरत पुलिस 2004 में उसे गिरफ्तार कर चुकी है।
एईसी अधिकारियों ने बताया, 'हमें सूचना मिली थी कि शूटर बिल्डर के कार्यालय आएंगे। इसके बाद हमने निगरानी कड़ी कर दी। शाम करीब छह बजे के आसपास दोनों शूटर बिल्डर के कार्यालय के निकट संदिग्ध तरीके से घूम रहे थे। संदेह होने पर उन्हें गिरफ्तार किया गया। दोनों शूटरों के पास से दो पिस्टल, चार जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।'
अधिकारियों ने बताया कि कार्यालय के बाहर गोलीबारी कर बिल्डर को धमकाने के लिए रवि पुजारी ने ही शूटरों को आदेश दिया था। गैंगस्टर रवि पुजारी पिछले कुछ दिनों से बिल्डर से फिरौती के रूप में दस करोड़ रुपये देने की मांग कर रहा था। इस संबंध में बिल्डर ने कसार वडावली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। जिसके बाद पुजारी और उसके गुर्गो के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।