Move to Jagran APP

Maharashtra Gram Panchayat Chunav Results: महाराष्ट्र ग्राम पंचायत चुनाव में अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहीं भाजपा और मविअ

Maharashtra Gram Panchayat Chunav Results 2021 महाराष्ट्र की कुल 27920 ग्राम पंचायतों में से लगभग आधी यानी 14234 ग्राम पंचायतों के लिए हुए चुनाव की मतगणना सोमवार को हुई। चंद्रकांत पाटिल के अनुसार भाजपा ने 6000 से अधिक ग्राम पंचायतों में सफलता हासिल की है।

By Babita KashyapEdited By: Published: Mon, 18 Jan 2021 08:12 AM (IST)Updated: Mon, 18 Jan 2021 08:59 PM (IST)
Maharashtra Gram Panchayat Chunav Results: महाराष्ट्र ग्राम पंचायत चुनाव में अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहीं भाजपा और मविअ
महाराष्ट्र में 34 जिलों में ग्राम पंचायत चुनाव के नतीजे

मुंबई, राज्य ब्यूरो। महाराष्ट्र के ग्राम पंचायत चुनावों में सत्तारूढ़ गठबंधन महाविकास अघाड़ी (मविअ) व विपक्षी दल भाजपा अपनी-अपनी जीत के दावे करते दिखाई दे रहे हैं। ये चुनाव किसी पार्टी के चिन्ह पर नहीं लड़े जाते। इसके बावजूद सभी दल इनमें समर्थकों को जिताकर अपनी जमीन मजबूत करना चाहते हैं। महाराष्ट्र की कुल 27920 ग्राम पंचायतों में से लगभग आधी यानी 14234 ग्राम पंचायतों के लिए हुए चुनाव की मतगणना सोमवार को हुई। अब तक आए चुनाव परिणामों के आधार पर पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस का दावा है कि भाजपा को अभूतपूर्व सफलता मिल रही है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल के अनुसार, भाजपा ने 6000 से अधिक ग्राम पंचायतों में सफलता हासिल की है।

loksabha election banner

कांग्रेस के दो-दो मुख्यमंत्री देने वाले यवतमाल के गहुली गांव 1949 से कांग्रेस व राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का गढ़ रहा है। इस गांव ने दो मुख्यमंत्री वसंतराव नाईक व सुधाकर राव नाईक भी दिए हैं। अब तक यहां ग्राम पंचायत के चुनाव निर्विरोध ही हो जाया करते थे। लेकिन इस बार न सिर्फ चुनाव हुआ, बल्कि चुनाव में सात की सातों सीटें भाजपा झटक ले गई। भाजपा यह करामात वसंतराव नाईक के परिवार के निलय नाईक को अपने साथ लेकर कर सकी है। लेकिन इस सफलता के साथ भाजपा को कुछ झटके भी लगे हैं। प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रावसाहब दानवे पाटिल, कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए राधाकृष्ण विखे पाटिल व राम शिंदे जैसे दिग्गज भाजपा नेताओं के क्षेत्रों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को हार का मुंह भी देखना पड़ा है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व राज्य के राजस्व मंत्री बालासाहब थोरात का दावा है कि राज्य की 80 फीसद ग्राम पंचायतों में महाविकास अघाड़ी, यानी शिवसेना, कांग्रेस और राकांपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत हुई है। राज्य उपमुख्यमंत्री अजीत पवार का भी यही दावा है। उनके गृह क्षेत्र बारामती में उनकी पार्टी राकांपा का ही दबदबा कायम रहा है। राज्य के गृहमंत्री राकांपा नेता अनिल देशमुख का कहना है कि इन परिणामों से पता चलता है कि राज्य में तीनों पार्टियां मिलकर बहुत अच्छा काम कर रही हैं। यह बात पिछले महीने हुए विधान परिषद के चुनाव में साबित हो चुकी है।

महाराष्ट्र में शुक्रवार 15 जनवरी को हुए ग्राम पंचायत चुनाव के लिए मतगणना सोमवार को भादवड़ स्थित स्व. संपदा नाइक सभागृह में हुई।  पुणे जिले में NCP भाजपा से आगे चल रही है। चंद्रपुर के मोरवा में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। मतगणना स्थल पर पुलिस का कड़ा इंतजाम किया गया है। मतगणना प्रात: 9 बजे से शुरु हो गई थी। ग्राम पंचायतों के प्रभाग के अनुसार योजना तैयार की गई है। 

Maharashtra Gram Panchayat Chunav Results 2021-

2:50 PM- धुले में भाजपा आगे; भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने धुले जिले में अच्छा प्रदर्शन किया है। पार्टी 12 पंचायतों में आगे है, जबकि 10 पंचायतों में शिवसेना आगे है।

2:15 PM- पुणे जिले में भाजपा से आगे NCP; पुणे जिले में भाजपा सात पर तो  राष्ट्रवादी कांग्रेस 10 पंचायतों में  भाजपा से आगे चल रही  है।

1:30 PM- चंद्रपुर के मोरवा में कांग्रेस की जीत;  चंद्रपुर जिले में मोरवा गांव की सभी नौ ग्राम पंचायतें कांग्रेस और उसके सहयोगियों के पास चली गई हैं।

1:15 PM- कनकवली में शिवसेना आगे; सिंधुदुर्ग की कनकवली तालुका में, शिवसेना ने तीन में से दो ग्राम पंचायतों में जीत हासिल की है, जबकि शेष में भाजपा ने जीत हासिल की है।

12:45PM- नागपुर के काटोल में एनसीपी आगे; महाराष्ट्र के काटोल तालुका में, एनसीपी ने सभी तीन ग्राम पंचायतों को जीत लिया है।

12:29 PM- नासिक की सैय्यद पिंपरी ग्राम पंचायत में कांग्रेस आगे- नासिक की सैय्यद पिंपरी ग्राम पंचायत में 17 सीटों में से छह के लिए परिणाम घोषित किए गए हैं। सभी छह सीटों पर कांग्रेस के ग्राम सभा पैनल विजयी।

12:10 PM- कल्याण की खोनी ग्राम पंचायत में महा विकास अघाड़ी आगे: कल्याण के खोनी ग्राम पंचायत में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को पछाड़ते हुए महा विकास अघाड़ी आगे बढ़ गई  है।

एमवीए -6 

मनसे- 3

 भाजपा -2

12:05 PM-अब तक मिले रुझानों के अनुसार, शिवसेना 323 सीटों पर आगे है और भाजपा 261 में आगे चल रही है। एनसीपी 218 स्थानों पर और कांग्रेस 136 पर आगे बतायी जा रही है।

11:15 AM-कराड की खलखवाड़ी ग्राम पंचायत में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी आगे चल रही है। महाराष्ट्र में  34 जिलों में 12,711 ग्राम पंचायतों में शुक्रवार को हुए चुनाव के लिए मतगणना जारी है। 

11:05 AM- महाराष्ट्र पंचायत चुनाव परिणाम भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और सत्तारूढ़ महाविकास अघाड़ी दोनों के लिए एक महत्वपूर्ण परीक्षा है। ग्राम पंचायत चुनाव परिणाम इस बात का भी संकेत होंगे कि महाराष्ट्र के ग्रामीण मतदाता केंद्र के विवादास्पद नए कृषि कानूनों को कैसे देखते हैं, जिसे लेकर पूरे देश में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हो रहा है।

10:47 AM- कोल्हापुर जिले के नरसिंहवाड़ी में, महाविकास अघाडी भाजपा से आगे निकल गई है। गठबंधन के समर्थन वाले उम्मीदवारों ने 11 में से 7 सीटें जीती हैं

10:30 AMहाईवेयर बाजार नगर तहसील में, पोपटराव पवार 7-0 से आगे है। पोपटराव महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले की एक ग्राम पंचायत हाईवेयर बाजार के किसान सरपंच हैं। पवार ने पिछले साल अपनी पंचायत को बदलने की दिशा में योगदान के लिए पद्मश्री प्राप्त किया था।

 गौरतलब है कि शुक्रवार को महाराष्ट्र के 34 जिलों में 12,711 ग्राम पंचायतों के चुनाव के लिए 79 प्रतिशत मतदान हुआ था। बीते वर्ष  11 दिसंबर को 14,234 ग्राम पंचायतों के चुनाव की घोषणा हुई थी लेकिन कुछ स्थानीय निकायों में निर्विरोध प्रत्‍याशी चुन लिए थे। राज्‍य का नक्सल प्रभावित जिला गढ़चिरौली की छह तालुकाओं की 162 ग्राम पंचायतों के लिए मतदान 20 जनवरी को किया जाएगा। निर्वाचन आयुक्त ने एक बयान जारी करते हुए बताया कि , ‘15 जनवरी 2021 को 12,711 ग्राम पंचायतों के लिए मतदान किया गया था। गढ़चिरौली में मतगणना 22 जनवरी को की जाएगील। जबकि अन्‍य  जिलों में मतगणना 18 जनवरी को होगी।’

15 जनवरी शुक्रवार को 1,25,709 सीटों के लिए वोट डाले गए थे।  सुबह साढ़े सात बजे से शाम साढे़ पांच बजे तक मतदान किया गया था। जबकि नक्‍सी प्रभावित क्षेत्र गढ़चिरौली और गोंदिया की चार तालुकाओं में मतदान दिन में तीन बजे संपन्‍न कर दिये गए थे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.