फोन हुआ बंद तो बैटरी चार्ज करने घुसा फ्लाइट के कॉकपिट में, मचा हंगामा
मुंबई से कोलकाता के लिए उड़ान भरने जा रहे विमान में उस समय हड़कंप मच गया जब एक यात्री नशे की हालत में फोन चार्ज करने के लिए कॉकपिट में घुसने की कोशिश की।
मुंबई। मोबाइल की बैटरी डाउन हो तो यूं लगने लगता है मानों दुनिया खत्म होने वाली है और हर कोई बैटरी चार्ज करने के तरीके ढूंढने लगता है। ऐसा ही कुछ मुंबई में भी हुआ लेकिन फोन चार्ज करने की कोशिश करने वाले शख्स का तरीका और जगह गलत निकली जिसके बाद हंगामा मच गया।
जानकारी के अनुसार मुंबई से कोलकाता के लिए उड़ान भरने जा रहे विमान में उस समय हड़कंप मच गया जब एक यात्री नशे की हालत में फोन चार्ज करने के लिए कॉकपिट में घुसने की कोशिश की। ऐसे में यात्री को तत्काल विमान से उतार दिया गया।
उसे बाद में पुलिस के पास ले जाया गया जहां से पूछताछ के बाद यात्री को छोड़ दिया गया। इंडिगो के प्रवक्ता ने बताया कि घटना 24 सितंबर की है। उस वक्त विमान मुंबई से कोलकाता के लिए उड़ान भरने को तैयार था।
यात्री को सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के चलते विमान से उतारा गया। विमान के कॉकपिट में यात्रियों के प्रवेश पर पाबंदी होती है। यात्री बार-बार यह दलील दे रहा था कि उसका फोन चार्ज नहीं है और उसे कॉकपिट में जाने दिया जाए।