टिफिन में मेथी की सब्जी लाने पर छात्रों पर लगा ₹50 का जुर्माना, शिक्षा विभाग ने स्कूल को भेजा नोटिस
महाराष्ट्र के ठाणे में एक निजी स्कूल पर पर्युषण पर्व के दौरान टिफिन में मेथी की सब्जी लाने वाले छात्रों पर ₹50 का जुर्माना लगाने का आरोप है।

ठाणे के स्कूल ने मेथी सब्जी लाने पर छात्रों पर जुर्माना लगाया

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां एक प्राइवेट स्कूल पर आरोप है कि उसने जैन त्योहार 'पर्युषण' के दौरान घर से मेथी की सब्जी लाने वाले छात्रों पर 50 रुपये का जुर्माना लगाया।
भयंदर इलाके के इस स्कूल पर यह भी आरोप है कि उसने छात्रों को मेथी और ऐसी ही दूसरी सब्जियों से बना खाना खाने से रोका और इसके बजाय उन्हें स्कूल की कैंटीन में खाना खाने के लिए कहा, जिसके लिए प्रति छात्र 20 रुपये लिए गए।
स्कूल से घटना पर जवाब मांगा
इस कथित घटना पर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं आई हैं। लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या धार्मिक रीति-रिवाजों के नाम पर छात्रों को किसी खास तरह का खाना खाने के लिए मजबूर किया जा सकता है?
अब मामले में मीरा-भयंदर नगर निगम के शिक्षा विभाग ने स्कूल को नोटिस जारी कर कुछ अभिभावकों द्वारा लगाए गए आरोपों पर स्पष्टीकरण मांगा है। स्कूल ने अभी तक इन आरोपों पर कोई जवाब नहीं दिया है।
सोशल मीडिया पर मचा बवाल
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर विजय नाम के एक यूजर ने पोस्ट करके आरोप लगाया कि भयंदर में एक छात्र पर सिर्फ इसलिए 50 रुपये का जुर्माना लगाया गया क्योंकि वह घर से मेथी की सब्जी वाला लंच-बॉक्स स्कूल ले गया था।
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या धार्मिक रीति-रिवाजों के नाम पर छात्रों की खान-पान की बुनियादी पसंद और रोजमर्रा की खाने की आदतों को तय किया जाएगा।
क्या है 'पर्युषण पर्व'?
'पर्युषण पर्व' जैन धर्म का एक प्रमुख वार्षिक त्योहार है जो उपवास और आध्यात्मिक चिंतन के लिए मनाया जाता है। इस दौरान, इसे मानने वाले कई लोग खान-पान से जुड़े कड़े नियमों का पालन करते हैं, जिनमें पत्तेदार साग-सब्जियों और जमीन के नीचे उगने वाली सब्जियों (कंद-मूल) से परहेज किया जाता है।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
