मुंबई में ठाकरे बंधुओं के एंटी-SIR मार्च के आयोजकों पर गिरी गाज, पुलिस ने दर्ज की FIR
राज और उद्धव ठाकरे ने मुंबई में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरोध में एक विशाल मार्च निकाला, जिसमें ...और पढ़ें
-1791137759055_m.webp)
मुंबई में ठाकरे बंधुओं की गर्जना रैली के आयोजकों पर एफआईआर दर्ज (स्क्रीनग्रैब- ANI)
HighLights
राज और उद्धव ठाकरे ने मुंबई में विरोध मार्च का नेतृत्व किया।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की गई।
आयोजकों पर आजाद मैदान पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज हुआ।
राज्य ब्यूरो, मुंबई । महाराष्ट्र के ठाकरे बंधुओं ने रविवार को एक बार फिर साथ आकर अपनी ताकत दिखाई। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे और शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में मेट्रो सिनेमा चौक से मुंबई महानगरपालिका मुख्यालय तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरोध में निकाले गए विरोध मार्च में हजारों लोगों के साथ सहयोगी दलों के नेता भी शामिल हुए।
रैली में ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। इस विरोध मार्च को ‘गर्जना रैली’ नाम दिया गया था। इस बीच आजाद मैदान पुलिस स्टेशन में विरोध मार्च के आयोजकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
मेट्रो सिनेमा चौक, महापालिका मार्ग और महात्मा गांधी मार्ग पर रविवार सुबह से ही प्रदर्शनकारियों की भीड़ जुटने लगी थी। सुबह 10 बजे करीब 100 लोगों से शुरू हुआ जमावड़ा एक घंटे के भीतर हजारों की भीड़ में बदल गया।
आम दिनों में वाहनों से व्यस्त रहने वाली इन सड़कों पर रविवार को प्रदर्शनकारियों का कब्जा रहा। सभा को संबोधित करते हुए राज ठाकरे ने लोकसभा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के बीच मतदाताओं की संख्या में हुई वृद्धि पर सवाल उठाते हुए कहा कि छह महीने के अंतराल में 40 से 60 लाख मतदाताओं के जुड़ने की वजह स्पष्ट होनी चाहिए।
उद्धव ठाकरे ने एसआइआर प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसका उद्देश्य मतदाता सूची से बांग्लादेशियों के नाम हटाना बताया गया था। सवाल किया कि देश में अवैध रूप से रह रहे कितने बांग्लादेशी इस प्रक्रिया के दौरान चिन्हित किए गए।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर सरकार के 'हथियार' के रूप में काम करने का आरोप लगाया। विरोध मार्च में कांग्रेस नेता बालासाहेब थोरात, राकांपा (शरदचंद्र पवार) के जयंत पाटिल, अनिल देशमुख और शशिकांत शिंदे सहित पीडब्ल्यूपी नेता जयंत पाटिल भी मौजूद रहे।
