Sushant Singh Rajput Death News: बिहार पुलिस को अभी रिया से पूछताछ की जरूरत नहीं
अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या मामले में बिहार पुलिस का कहना है कि अभी उसे सुशांत की महिला मित्र रिया चक्रवर्ती से पूछताछ की जरूरत नहीं है।
राज्य ब्यूरो, मुंबई! अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या मामले में बिहार पुलिस का कहना है कि अभी उसे सुशांत की महिला मित्र रिया चक्रवर्ती से पूछताछ की जरूरत नहीं है। वह उनकी निगरानी में है। जब जरूरत होगी, उससे पूछताछ की जाएगी। यह बात मुंबई आई बिहार पुलिस टीम के एक सदस्य ने शनिवार दोपहर बाद बांद्रा पुलिस स्टेशन से निकलते हुए कही।
बांद्रा पुलिस थाने के बाद मौजूद मीडियाकर्मियों ने बिहार पुलिस से पूछा था कि क्या वे रिया चक्रवर्ती से पूछताछ करेंगे ? जिसके जवाब में टीम के एक सदस्य ने कहा कि अभी इसकी जरूरत नहीं पड़ी है। वह हमारी निगरानी में है। इसी टीम के एक सदस्य का कहना था कि उन्होंने सीआरपीसी के तहत रिया को एक नोटिस भेजकर जांच में सहयोग करने को कहा है। बता दें कि बिहार पुलिस की एक चार सदस्यीय टीम मंगलवार से मुंबई में है। वह सुशांत सिंह के पिता के.के.सिंह द्वारा पटना में लिखाई गई प्राथमिकी के आधार पर मुंबई में सुशांत आत्महत्या मामले की जांच कर रही है। इस प्राथमिकी में सुशांत के पिता ने रिया चक्रवर्ती सहित सात लोगों के नाम दर्ज कराए हैं। मुंबई आने से बाद से बिहार पुलिस अब तक छह लोगों के बयान दर्ज कर चुकी है। इनमें सुशांत की बहन, उसकी पूर्व महिला मित्र अंकिता लोखंडे, उसके पूर्व रसोइये एवं उसके तीन मित्र व सहयोगी शामिल हैं। बिहार पुलिस की टीम बांद्रा स्थित कोटक महिंद्रा बैंक से सुशांत के बैंक खाते एवं बांद्रा के ही आईसीआईसीआई बैंक एवं एचडीएफसी बैंक से रिया के खातों का विवरण भी हासिल कर चुकी है।
हालांकि आज बिहार पुलिस की टीम यह कहते सुनाई दी कि उसे मुंबई पुलिस से सहयोग प्राप्त हो रहा है। इसके बावजूद आज भी यह चार सदस्यीय टीम बांद्रा पुलिस थाने से निकलने के बाद ऑटो रिक्शा में ही सफर करती दिखाई दी। शुक्रवार देर रात यह टीम क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त अकबर पठान से मिलने पहुंची थी। वहां बड़ी संख्या में मौजूद मीडियाकर्मियों से उन्हें दूर करने के लिए मुंबई पुलिस वहां खड़ी एक पीसीआर वैन में बैठाकर उन्हें ले गई। महाराष्ट्र के गृह राज्यमंत्री शंभूराज देसाई ने आज एक बयान में कहा कि बिहार पुलिस ने मुंबई पुलिस से जांच में सहयोग करने की अपील की है। हम इस मामले में कानूनी राय ले रहे हैं। बता दें कि मुंबई पुलिस द्वारा बिहार पुलिस टीम को सहयोग न करना भी अब एक बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनता जा रहा है। शुक्रवार देर रात महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने एक बयान में कहा था कि मुंबई पुलिस की तरफ से यदि कोई लापरवाही की गई है, तो वे सख्त कार्रवाई करने को तैयार हैं। लेकिन इस मामले का उपयोग बिहार और महाराष्ट्र में दरार पैदा करने के लिए नहीं किया जाना चाहिए।