Move to Jagran APP

राजकीय सम्मान के साथ श्रीदेवी को अंतिम विदाई

मंगलवार को दुबई से लेकर मुंबई तक गतिविधियां तेज रहीं। दुबई पुलिस ने सोमवार शाम को यह पूरा मामला वहां के सरकारी वकील को सौंप दिया था।

By BabitaEdited By: Published: Wed, 28 Feb 2018 09:26 AM (IST)Updated: Wed, 28 Feb 2018 03:00 PM (IST)
राजकीय सम्मान के साथ श्रीदेवी को अंतिम विदाई
राजकीय सम्मान के साथ श्रीदेवी को अंतिम विदाई

मुंबई, अनुज अलंकार। बॉलीवुड अभिनेत्री श्रीदेवी का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए अंधेरी के सेलिब्रेशन स्पोर्ट्स क्लब में रखा गया। दोपहर साढ़े 12 बजे तक लोगों ने यहां उनके अंतिम दर्शन किए। वहीं से दोपहर दो बजे उनकी अंतिम यात्रा शुरू हुई। श्रीदेवी का अंतिम संस्कार आज शाम 4:00 बजे विले पार्ले के श्मशान घाट पर किया जाएगा।

loksabha election banner

दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी की मौत के मामले को लेकर जारी सभी कयासों का अंत मंगलवार को हो गया। दुबई पुलिस और प्रशासन से क्लीन चिट मिलने के बाद श्रीदेवी का पार्थिव शरीर रात में मुंबई पहुंच गया। शव पहुंचते ही मायानगरी शोक में डूब गई। हवाई अड्डे से श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को सीधे अंधेरी के लोखंडवाला स्थित उनके निवास स्थान पर ले जाया गया। राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार बुधवार को होगा। भारत की पहली महिला सुपरस्टार 54 वर्षीय श्रीदेवी की मृत्यु शनिवार रात दुबई के एक होटल में हो गई थी।  

मंगलवार को दुबई से लेकर मुंबई तक गतिविधियां तेज रहीं। दुबई पुलिस ने सोमवार शाम को यह पूरा मामला वहां के सरकारी वकील को सौंप दिया था। सरकारी वकील ने जांच-पड़ताल को मुकम्मल करते हुए मंगलवार को इस पूरे केस को ही बंद करने की घोषणा कर दी। इसके बाद श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को मुंबई लाने का रास्ता साफ हो गया। दुबई पुलिस की ओर से फिर से स्पष्ट किया गया कि उनकी जांच में इस केस में अपराध का कोई मामला नहीं बना। जांच में एक बार फिर बताया गया कि बाथटब में डूबने से ही श्रीदेवी की मौत हुई।

 

दोपहर बाद अंतिम संस्कार

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, बुधवार सुबह 8.30 बजे उनकी अंतिम यात्रा शुरू होगी और पहला पड़ाव उनके घर के करीब एक क्लब होगा। वहां सवेरे 9.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शनों के लिए रखा जाएगा। दोपहर दो बजे क्लब से श्रीदेवी की अंतिम यात्रा विले पार्ले के श्मशान घाट पहुंचेगी। वहां करीब 3.30 बजे पंजाबी रीति-रिवाजों के साथ उनका अंतिम संस्कार संपन्न होगा।

अंतिम संस्कार में मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस के अलावा केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी के शामिल होने की खबरें हैं।

अनिल कपूर के गले लगकर रोए बोनी

श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को लाने के लिए उद्योगपति अनिल अंबानी का विशेष विमान दो दिन पहले ही दुबई पहुंच चुका था। रात करीब 9.30 बजे जब दस यात्रियों को लेकर अनिल अंबानी का जेट लौटा तो उसमें बोनी कपूर और अर्जुन कपूर के अलावा रीना मारवाह भी थीं। रीना मारवाह बोनी की बहन हैं। इनके बेटे की शादी में ही भाग लेने के लिए श्रीदेवी दुबई गई थीं। हवाई अड्डे पर भाई अनिल कपूर को देखते ही बोनी उनके गले लगकर रो पड़े। वहां अनिल अंबानी, उनकी पत्नी टीना अंबानी, बोनी के सबसे छोटे भाई संजय कपूर के अलावा सोनम कपूर भी थीं।

 यह भी पढ़ें: श्रीदेवी के निधन से शोक में डूबे फिल्मी सितारे


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.