जल्द विवाह बंधन में बंधेगी सोनम कपूर, जानिए कौन होंगे उनके जीवनसाथी
आनंद आहूजा दिल्ली के कारोबारी हैं। वह अपने माता-पिता के साथ दिल्ली में ही रहते हैं। सोनम और आनंद के बीच पिछले तीन साल से प्रेम संबंध है
मुंबई, एंटरटेनमेंट ब्यूरो। फिल्म स्टार अनिल कपूर की पुत्री अभिनेत्री सोनम कपूर की शादी की औपचारिक घोषणा कर दी गई है। आठ मई को अभिनेत्री प्रेमी आनंद आहूजा की हो जाएंगी। सोनम और आनंद के परिवार की ओर से मंगलवार को जारी बयान में कहा गया है कि शादी की रस्में मुंबई में सात से शुरू हो जाएंगी और आठ को दोनों एक-दूजे के हो जाएंगे।
बयान में दोनों परिवारों की ओर से निजता का खयाल रखने की अपील की गई है। परिवार ने कहा है, ‘चूंकि यह एक अंतरंग प्रेम संबंध है, हम आपसे परिवार की निजता का सम्मान करने का अनुरोध करते हैं। आपके आशीर्वाद और प्रेम के लिए आपका धन्यवाद। हम अपने जीवन में इस विशेष अवसर को मनाने जा रहे हैं।’
बता दें कि आनंद आहूजा दिल्ली के कारोबारी हैं। वह अपने माता-पिता के साथ दिल्ली में ही रहते हैं। सोनम और आनंद के बीच पिछले तीन साल से प्रेम संबंध है। सोनम ने हमेशा अपनी शादी को लेकर मीडिया से बात करने से मना किया था। लेकिन कई अवसरों पर दोनों को साथ देखा गया था। पिछले वर्ष राष्ट्रीय फिल्म सम्मान समारोह में आनंद, सोनम के साथ पहुंचे थे। उस समय अभिनेत्री को नीरजा में अभिनय के लिए विशेष पुरस्कार से नवाजा गया था। वैसे शादी की तैयारियां पिछले सप्ताह से जारी हैं। कपूर के बंगले को रोशनी से सजाया गया है। सूत्रों के मुताबिक, 10 मई को मुंबई में रिसेप्शन होगा, जिसमें बॉलीवुड की तमाम हस्तियां शामिल होंगी ।